भाजपा सरकार बेटी नहीं, बेटी के साथ अपराध करने वालों को बचाती है: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 May 2023 08:42 PM
भाजपा सरकार बेटी नहीं, बेटी के साथ अपराध करने वालों को बचाती है: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने दिल्ली में महिला पहलवानों के साथ कथित बदसलूकी और शाहबाद डेरी इलाके में किशोरी की निर्मम हत्या के मामलों को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह सरकार बेटी नहीं, बेटी के साथ अपराध करने वालों को बचाती है. पार्टी नेता अलका लांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सुनिश्चित करना चाहिए कि यौन शोषण के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी हो.

उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं. कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा कि महिला पहलवानों के विषय पर प्रधानमंत्री मोदी को ‘चुप्पी’ तोड़नी चाहिए. अलका लांबा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इन पहलवानों को मजबूरी में जंतर-मंतर पर बैठना पड़ा. सरकार नहीं झुकी और अपने अपराधी सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बचाती रही. उच्चतम न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई.’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘जिस व्यक्ति (बृजभूषण) को जेल में होना चाहिए था, वो कल नए संसद भवन में बैठा हुआ था. यहां पहलवानों से लोकतांत्रिक ढंग से धरने पर बैठने का अधिकार छीन लिया गया.’’ लांबा ने आरोप लगाया, ‘‘ये सरकार बेटी नहीं, बेटी के साथ अपराध करने वालों को बचाती है. भाजपा अपराधियों को हिम्मत देने का काम कर रही है. भाजपा के एक अपराधी सांसद को बचाने के लिए पूरा तंत्र और पुलिस प्रशासन संरक्षण दे रहा है.’’

उन्होंने दिल्ली में किशोरी की हत्या के मामले को लेकर कहा, ‘‘यह दिल दहला देने वाली घटना है. इसमें सख्त सजा होनी चाहिए. भाजपा और आम आदमी पार्टी को राजनीति करने के बजाय यह बताना चाहिए कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद क्यों हैं.’’ उल्लेखनीय है कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने चाकू मारकर नृशंस हत्या कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

मोदी सरकार के 9 वर्षों में जानलेवा महंगाई, लूटी गई जनता की कमाई: कांग्रेस

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ वर्षों में लोगों को जानलेवा महंगाई का सामना करना पड़ा और उनकी कमाई को भी ‘लूट लिया गया.’ प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई, 2014 को पहली बार पद की शपथ ली थी. यह बतौर प्रधानमंत्री उनका दूसरा कार्यकाल है.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘9 वर्षों में जानलेवा महंगाई, भाजपा ने लूटी जनता की कमाई ! हर ज़रूरी चीज़ पर जीएसटी की मार, बिगड़ा बजट, जीना दुश्वार ! अहंकारी दावे किए कि ‘महंगाई तो दिखती नहीं’ या ह्लये महंगी चीज़ हम खाते ही नहीं’.’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अच्छे दिनों से ह्लअमृतकालह्व की यात्रा, महंगाई से जनलूट की बढ़ती गई मात्रा !’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अगले कुछ दिनों और हफ्Þतों में हर तरफ़ पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की तथाकथित “श्रेष्ठ उपलब्धियों” को प्रचारित-प्रसारित किया जाएगा. ख़ुद प्रधानमंत्री मोदी, उनके मंत्री, बीजेपी के अन्य नेता और उनके लिए ढोल पीटने वाले इस काम में लगे रहेंगे. लेकिन ग़रीबी के कगार पर खड़े लोग, जिन्हें अपनी बुनियादी ज़रूरतों को पूरा करने में भी तरह-तरह की मुश्किलें आ रही हैं, वे एक ही बात पूछेंगे – क्या हमारा जीवन बेहतर हुआ है, या क्या हमारी आजीविका में सकारात्मक बदलाव आया है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसका स्पष्ट जवाब है – नहीं.’’ रमेश ने कहा, ‘‘ वर्ष 2014 से वास्तविक मज़दूरी में वृद्धि- कृषि मज़दूरों के लिए 0.8 प्रतिशत, गैर-कृषि मज़दूरों के लिए 0.2 प्रतिशत, निर्माण मज़दूरों के लिए 0.02 प्रतिशत. इसी बीच 2014 से बुनियादी जरूरत की वस्तुओं के मूल्यों में वृद्धि- एलपीजी में 169 प्रतिशत, पेट्रोल में 57 प्रतिशत, डीजल में 78 प्रतिशत, सरसों के तेल में 58 प्रतिशत, आटे में 56 प्रतिशत और दूध में 51 प्रतिशत.’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘सच्चाई यह है कि एक विशेष व्यक्ति को छोड़कर, लगभग हर किसी की आय स्थिर हो गई है. 2014 से गौतम अडाणी की संपत्ति में 1,225 प्रतिशत का इज़ाफ़ा हुआ.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu