सरकार के नौ साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा: कृतज्ञ हूं, हम और मेहनत करते रहेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 May 2023 09:32 PM
सरकार के नौ साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा: कृतज्ञ हूं, हम और मेहनत करते रहेंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र में उनकी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को कहा कि लोगों के जीवन को बेहतर करने की उनकी इच्छा उनके हर निर्णय का कारण रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ”आज, हम राष्ट्र की सेवा में नौ वर्ष पूरे कर रहे हैं. मैं कृतज्ञ और आभारी हूं. (इस दौरान) किए गए हर निर्णय, उठाए गए हर कदम के पीछे लोगों का जीवन बेहतर बनाने की इच्छा रही है. हम एक विकसित भारत के निर्माण के लिए और भी मेहनत से काम करते रहेंगे.”

सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ें आंकड़े साझा करते हुए मोदी ने एक अन्य टवीट में कहा, ”पिछले 9 वर्षों में, हमने भारत के सबसे गरीब लोगों की गरिमा को बरकरार रखने और उनकी आजीविका बढ.ाने का प्रयास किया है. कई पहल के माध्यम से हमने लाखों लोगों का जीवन बदल दिया है. प्रत्येक नागरिक का उत्थान करने और उनके सपनों को पूरा करने का हमारा मिशन जारी है.” इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का लेख साझा किया जो उन्होंने सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर लिखा है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए मंगलवार से एक महीने तक चलने वाले अभियान की योजना बनाई है. प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को राजस्थान के अजमेर में एक रैली को संबोधित करेंगे.
केंद्रीय मंत्रियों और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सत्ता में नौ वर्ष पूरे होने के मौके पर सोमवार को देशभर में उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला था.

वैश्विक स्तर पर भारत के ‘बढ.ते’ कद से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर, गरीबों के लिए आवास और शौचालय जैसे कल्याणकारी कदम, पाइप से पानी की आपूर्ति को बढ.ावा देना, बुनियादी ढांचा विकास और विनिर्माण क्षेत्र में तेजी लाने के प्रयास उन पहलों में शामिल रहे, जिनका भाजपा नेताओं ने देश के हर राज्य में आयोजित संवाददाता सम्मेलनों में उल्लेख किया.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu