ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उच्च शिक्षा मंत्री पुजारी को मंत्रिपरिषद् से हटाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Jun 2023 07:07 PM
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उच्च शिक्षा मंत्री पुजारी को मंत्रिपरिषद् से हटाया
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री रोहित पुजारी को अपने मंत्रिपरिषद् से हटा दिया. मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि पटनायक ने राज्यपाल गणेशी लाल से पुजारी का नाम मंत्रिपरिषद् से हटाने की सिफारिश की थी और उनका विभाग खाद्य तथा आपूर्ति मंत्री अतनु एस नायक को सौंप दिया. दो बार के विधायक पुजारी की इस संबंध में अभी प्रतिक्रिया नहीं मिली है. रायराखोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक पुजारी को पिछले साल जून में मंत्री बनाया गया था.

सूत्रों के अनुसार, पटनायक ने 22 मई से दो जून तक सभी विभागों के कामकाज की समीक्षा की थी, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग का प्रदर्शन उन्होंने सबसे खराब पाया था. मुख्यमंत्री ने इससे पहले मई महीने में स्कूल और जन शिक्षा मंत्री समीर रंजन दास तथा श्रम मंत्री श्रीकांत साहू को इस्तीफा देने के लिए कहा था. उनकी जगह पर सुदाम मरांडी और सारदा प्रसाद नायक को मंत्रिपरिषद् में जगह दी गयी थी.

विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले बी के अरुखा को भी सरकार में जगह दी गयी थी और वित्त मंत्री बनाया गया था.
पुजारी के हटाये जाने से मंत्रिपरिषद् में अब मुख्यमंत्री को मिलाकर 21 मंत्री हैं. राज्य के पश्चिमी क्षेत्र के प्रभावशाली नेता पुजारी हाल में तब खबरों में रहे थे, जब उन्होंने कहा था कि 60 साल से अधिक उम्र के नेताओं को राजनीति छोड़ देनी चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu