मोदी सरकार के दूरदर्शी प्रयासों के कारण भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Jun 2023 08:38 PM
मोदी सरकार के दूरदर्शी प्रयासों के कारण भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के ‘ठोस और दूरदर्शी प्रयासों’ के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था न केवल देश के विकास को गति दे रही है बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास का इंजन भी बन गई है.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2014 के लगभग 2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (2,000 अरब डॉलर) से बढ़कर 3.75 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (3750 अरब डॉलर) हो गया है.

उन्होंने कहा, ”भारतीय अर्थव्यवस्था न केवल अच्छा कर रही है बल्कि पिछले लगातार दो वर्षों से भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और आने वाले वर्षों में भी यह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनी रहेगी.” उन्होंने कहा, ”भारतीय अर्थव्यवस्था न केवल भारत के विकास को गति दे रही है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के ठोस और दूरदर्शी प्रयासों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए विकास का इंजन भी बन गई है.” उन्होंने कहा कि यह केवल एक बयान नहीं है, बल्कि पिछले एक सप्ताह और पखवाड़े में जारी किए गए आंकड़े भी इसकी गवाही देते हैं.

अग्रवाल ने सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को परेशान कर रही खुदरा मुद्रास्फीति भारत में घटकर 4.25 प्रतिशत पर आ गई है जबकि आम आदमी को सबसे अधिक प्रभावित करने वाली खाद्य मुद्रास्फीति 3.84 प्रतिशत से घटकर 2.91 प्रतिशत पर आ गई है. उन्होंने कहा, ”एक बहुत ही महत्वपूर्ण आंकड़ा कल आया था. भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2014 के 2,000 अरब डॉलर से बढ़कर 3,750 अरब डॉलर पर पहुंच गया है.

उन्होंने कहा, ”यह स्थिति ऐसे समय में है जब वैश्विक चुनौतियां वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं जिससे वैश्विक मंदी आ रही है. राष्­ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण कार्यालय (एनएसएसओ) के आंकड़े संकेत देते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर सात प्रतिशत को पार कर गई है.” उन्होंने कहा, ”पहले कई लोग आशंकित थे कि भारत की वृद्धि दर सात प्रतिशत से नीचे आ जाएगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu