टाटा स्टील के मेरामंडली संयंत्र में भाप के रिसाव से 19 कर्मचारी घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Jun 2023 08:45 PM
टाटा स्टील के मेरामंडली संयंत्र में भाप के रिसाव से 19 कर्मचारी घायल
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर.ओडिशा के ढेंकनाल जिले में टाटा स्टील के मेरामंडली संयंत्र में मंगलवार को भाप का रिसाव होने के कारण कम से कम 19 कर्मचारी घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक घायलों को तुरंत कटक के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया. यह हादसा भाप के रिसाव के बाद हुआ, जिसके कारण ”ब्लास्ट फर्नेस (विशेष प्रकार की भट्टी)” का निरीक्षण कर रहे कर्मचारी और इंजीनियर घायल हो गए.

ढेंकनाल के पुलिस अधीक्षक ज्ञानरंजन महापात्र ने कहा कि इस घटना में करीब 19 लोग घायल हुए हैं. हालांकि, टाटा स्टील के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस हादसे में 17 लोग झुलस गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. टाटा स्टील ने एक बयान में कहा कि यह हादसा अपराह्न करीब एक बजे निरीक्षण कार्य के दौरान हुआ और इससे वहां पर काम कर रहे कुछ लोग प्रभावित हुए.

टाटा स्टील के मुताबिक कर्मचारियों को संयंत्र परिसर के अंदर स्वास्थ्य केंद्र और फिर आगे के इलाज के लिए कटक ले जाया गया है. कर्मचारियों को चिकित्सकों के साथ कंपनी की एम्बुलेंस में ले जाया गया. कंपनी ने कहा कि सभी आपातकालीन ”प्रोटोकॉल” चालू कर दिए गए हैं और प्रभावित क्षेत्र की पूरी तरह से घेराबंदी कर दी गयी है. टाटा स्टील ने कहा, ”हम जमीनी स्तर पर संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आंतरिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गयी है. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu