हरियाणा में खाप और किसानों ने झज्जर में दो घंटे तक रोहतक-दिल्ली राजमार्ग को बाधित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Jun 2023 06:55 PM
हरियाणा में खाप और किसानों ने झज्जर में दो घंटे तक रोहतक-दिल्ली राजमार्ग को बाधित किया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. हरियाणा के झज्जर जिले में कुछ खाप सदस्यों और किसानों ने प्रदर्शनकारी पहलवानों, किसानों और अन्य मुद्दों के समर्थन में किए गए ‘हरियाणा बंद’ के आ”ान के तहत बुधवार को रोहतक-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित किया. ‘भूमि बचाओ संघर्ष समिति’ के वरिष्ठ नेता रमेश दलाल की अगुवाई में प्रदर्शनकारी किसान और खाप सदस्य राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर जुटे और यातायात को बाधित किया. प्रदर्शन के कारण सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए दिखाई दिए.

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, जिसके दो घंटे से अधिक समय के बाद नाकाबंदी हटा ली गयी. कुछ प्रदर्शनकारियों ने कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर भी बैठने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया. हड़ताल के आ”ान का हरियाणा के अन्य हिस्सों में कोई प्रभाव नहीं पड़ा और सामान्य जनजीवन अप्रभावित रहा.

दलाल ने कार्यक्रम स्थल पर संवाददाताओं से कहा कि उनके पास 25 मांगों की एक सूची है, जिसमें भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के लिए न्याय, किसानों के लिए ऋण माफी, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और भूमि अधिग्रहण के लिए बढ़ा हुआ मुआवजा शामिल है.

उन्होंने कहा कि झज्जर के उपायुक्त शक्ति सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों को लेकर अगले तीन दिनों में उनके साथ बातचीत करेगी . उनकी मांगों में से कुछ को हरियाणा सरकार स्वीकार कर सकती है. दलाल ने कहा कि यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा और एसवाईएल नहर का निर्माण सेना को सौंपना भी उनकी मांगों में शामिल है. बहादुरगढ़ और निकटवर्ती रोहतक में बंद को देखते हुये अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. ‘भूमि बचाओ संघर्ष समिति’ किसानों के भूमि अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाला संगठन है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu