टाटा स्टील के ओडिशा संयंत्र में भाप रिसाव : दो लोग अभी भी आईसीयू में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Jun 2023 07:43 PM
टाटा स्टील के ओडिशा संयंत्र में भाप रिसाव : दो लोग अभी भी आईसीयू में
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा के ढेंकनाल जिले में टाटा स्टील के मेरामंडली संयंत्र से दुर्घटनावश भाप रिसने की घटना में घायल दो लोग अब भी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं तथा 16 अन्य का अस्पताल में इलाज जारी है. कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी.
भाप रिसाव की घटना मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे संयंत्र में निरीक्षण कार्य के दौरान हुई और कर्मी तथा इंजीनियर इसकी चपेट में आ गए.

बयान में कहा गया है, ”हादसे में झुलसे 18 लोगों को कटक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से दो लोग अब भी आईसीयू में हैं…. अन्य घायल व्यक्तियों की स्थिति स्थिर है और उन्हें लगातार उच्च गुणवत्ता वाली देखभाल मुहैया कराई जा रही है.” टाटा स्टील ने एक बयान में कहा, ”दुर्घटना स्थल पर घबराहट का गंभीर दौरा पड़ने की शिकायत के बाद शुरू में जिस व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अब उसका स्वास्थ्य स्थिर है और उसे जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है.” ढेंकनाल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ज्ञानरंजन महापात्रा ने मंगलवार को कहा कि करीब 19 लोग घटना में घायल हुए थे.

घायलों को तुरंत संयंत्र के अंदर स्थित ऑक्युपेशनल हेल्थ सेंटर में भर्ती किया गया और फिर उन्हें आगे के उपचार के लिए कटक भेजा गया. इस बीच, फैक्टरी एवं बॉयलर निदेशालय ने विस्फोट भट्टी खंड में भाप रिसाव के कारण के संबंध में जांच शुरू कर दी है, जहां इंजीनियर और कर्मी निरीक्षण कर रहे थे. निदेशालय के एक अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान भाप लाइन में विस्फोट हो गया और गर्म पानी कर्मचारियों पर गिर गया. कंपनी ने भी घटना के कारण का पता लगाने के लिए आंतरिक जांच शुरू कर दी है. ढेंकनाल के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu