महिला पहलवानों के साथ न्याय होना चाहिए, छलावा नहीं: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Jun 2023 09:13 PM
महिला पहलवानों के साथ न्याय होना चाहिए, छलावा नहीं: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहीं महिला पहलवानों के साथ किसी तरह का छलावा नहीं, बल्कि न्याय होना चाहिए क्योंकि वे देश की बेटियां हैं.

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विनीत पुनिया ने यह भी कहा कि कांग्रेस इन बेटियों के साथ खड़ी है और उनके साथ अत्याचार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब हरियाणा के झज्जर जिले में कुछ खाप सदस्यों और किसानों ने प्रदर्शनकारी पहलवानों, किसानों और अन्य मुद्दों के समर्थन में किए गए ‘हरियाणा बंद’ के आह्वान के तहत बुधवार को रोहतक-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित किया.

‘भूमि बचाओ संघर्ष समिति’ के वरिष्ठ नेता रमेश दलाल की अगुवाई में प्रदर्शनकारी किसान और खाप सदस्य राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर जुटे और यातायात को बाधित किया. प्रदर्शन के कारण सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए दिखाई दिए. विनीत पुनिया ने इस बंद के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ”मोदी सरकार बार बार बेटियों पर अत्याचार करने वालों साथ खड़ी हो जाती है…ये पदक विजेता बेटियां, जिन पर देश को नाज है, छह महीनों से न्याय मांग रही हैं. आज पूरा देश आहत है.”

उनका कहना था, ”कांग्रेस हमारी बेटियों के साथ खड़ी है. हम चाहते हैं कि बेटियों को न्याय मिले, उनके साथ कोई छलावा नहीं हो. उनके साथ अत्याचार करने वालों पर कठोर कार्रवाई हो. ऐसी कार्रवाई को किसी राजनीति, क्षेत्र, जाति या धर्म की दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए.” उल्लेखनीय है कि दो ओलंपिक पदक विजेता और एक विश्व चैंपियन सहित भारत के शीर्ष पहलवान, कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu