उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को चौथा राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रदान करेंगे…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 01:59 PM
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को चौथा राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रदान करेंगे…
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को चौथा राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रदान करेंगे। यह पुरस्कार सरकार के ‘जल समृद्ध भारत’ के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए जारी राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत अच्छे कार्यों और प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है।

जल शक्ति मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, मंत्रालय ने 11 श्रेणियों में 41 विजेताओं की घोषणा की है। इसमें सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार मध्य प्रदेश को दिया जाएगा जबकि सर्वश्रेष्ठ जिले का पुरस्कार ओडिशा के गंजम जिले को प्रदान किया जाएगा। इसके तहत कुल 41 विजेताओं की घोषणा की गई है। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक प्रशस्ति पत्र और एक ट्रॉफी के साथ-साथ कुछ श्रेणियों में नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

बयान के अनुसार, तेलंगाना में भद्राद्री कोठागुडेम जिले के जगन्नाथपुरम ग्राम पंचायत को सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा जबकि सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय का पुरस्कार चंडीगढ़ नगर निगम को दिया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, जमीयतपुरा प्राइमरी स्कूल, मेहसाणा, गुजरात को सर्वश्रेष्ठ स्कूल का पुरस्कार दिया जाएगा । परिसर के उपयोग के लिए सर्वश्रेष्ठ संस्थान श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर को प्रदान किया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ उद्योग का पुरस्कार बरौनी ताप विद्युत केंद्र, बेगूसराय, बिहार को मिलेगा और सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूह (एनजीओ) का पुरस्कार अर्पण सेवा संस्थान, उदयपुर, राजस्थान को मिलेगा। इसमें कहा गया है कि सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ का पुरस्कार संजीवनी पियाट सहकारी मंडली लिमिटेड, नर्मदा, गुजरात को दिया जाएगा और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के लिए सर्वश्रेष्ठ उद्योग का पुरस्कार ंिहदुस्तान कम्प्यूटर्स लिमिटेड (एचसीएल) टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, नोएडा, उत्तर प्रदेश को प्रदान किया जाएगा।

बयान के अनुसार, चौथे राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए कुल 868 आवेदन प्राप्त हुए थे । केंद्रीय जल आयोग और केंद्रीय भूजल बोर्ड द्वारा छंटनी किए गए आवेदनों की वास्तविक जांच की गई, जिसके बाद सभी 11 श्रेणियों को शामिल करने वाले संयुक्त विजेताओं सहित 41 विजेताओं को पुरस्कार के लिए चुना गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav