मुसलमानों के लिए ओवैसी नहीं एपीजे अब्दुल कलाम आदर्श: शाहनवाज हुसैन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Jun 2023 10:14 PM
मुसलमानों के लिए ओवैसी नहीं एपीजे अब्दुल कलाम आदर्श: शाहनवाज हुसैन
ऑडियो सुनें

प्रयागराज. भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने सोमवार को यहां कहा कि जो मुसलमान अपने देश से प्यार ना करे, वह सच्चा मुसलमान नहीं हो सकता. मुस्लिमों के लिए ओवैसी नहीं, बल्कि एपीजे अब्दुल कलाम आदर्श हो सकते हैं. जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर करछना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए हुसैन ने कहा, “हम भाजपा के लोग भारत माता की जय कहते हैं तो लोगों को ऐतराज होता है. जिस मिट्टी में हम पैदा हुए, उसे मां ना कहें तो क्या कहें.”

उन्होंने कहा, “इस देश को और सबसे ज्यादा मुसलमानों का किसी शब्द ने नुकसान किया है, तो वह है सेक्युलर (धर्मनिरपेक्ष) शब्द. यह (सेक्युलर) ऐसा फेविकोल है जिसे विपक्षी कहीं भी चिपका देते हैं. मुस्लिमों को वोट बैंक बनाकर पिछले 75 सालों से डरा रहे हैं. यूपी और बिहार में धर्मनिरपेक्षता की दुकान अब बंद होने वाली है.”

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व विपक्ष की एकजुटता प्रर्दिशत करने के लिए 23 जून को होने वाली बैठक पर चुटकी लेते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा, “ये लोग बिहार आएंगे, अंतरराष्ट्रीय लिट्टी चोखा खाएंगे, भूजा फांकेंगे, हाथ उठाएंगे… 35 सेकंड में हाथ झटक देंगे और अलग-अलग दिशा में निकल जाएंगे.”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर उन्होंने कहा, “राहुल गांधी पैदल चल रहे थे तो इसमें उनके जीवन की क्या उपलब्धि है. उनकी उपलब्धि केवल पैदल चलने की है. गांव का गरीब रोज मजदूरी के लिए पैदल चलता है. महात्मा गांधी ने दांडी मार्च के लिए पद को ठुकरा दिया था. लेकिन कुछ लोग पद पाने के लिए पैदल यात्रा करते हैं.” कोरोना काल का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री मोदी ना होते तो कांग्रेस के नेता टीका में कमीशन खाते और हम-आप मर जाते.

शाहनवाज हुसैन केंद्र में मोदी सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथित के तौर पर शामिल होने आए थे. कार्यक्रम को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, इलाहाबाद से लोकसभा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद ने भी संबोधित किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu