मुर्मू, मोदी, पटनायक समेत कई नेताओं ने रथयात्रा के मौके पर शुभकामनाएं दीं…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 20 Jun 2023 01:34 PM
मुर्मू, मोदी, पटनायक समेत कई नेताओं ने रथयात्रा के मौके पर शुभकामनाएं दीं…
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर: भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पुरी स्थित गुंडिचा मंदिर तक की नौ दिवसीय रथ यात्रा शुरू होने के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक समेत कई नेताओं ने मंगलवार को लोगों को शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर देशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा प्रारंभ होने के अवसर पर सभी देशवासियों, विशेष रूप से भगवान जगन्नाथ के भक्तों को मैं हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। मैं महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना करती हूं कि भक्ति और समर्पण का यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। जय जगन्नाथ।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी और सभी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और आध्यात्मिक समृद्धि की कामना की।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘रथ यात्रा की सभी को शुभकामनाएं। हम इस पवित्र अवसर का उत्सव मना रहे हैं, ऐसे में भगवान जगन्नाथ की दिव्य यात्रा हमारे जीवन को स्वास्थ्य, खुशी और आध्यात्मिक समृद्धि से भर दे।’’ ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ट्वीट किया, ‘‘भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद और आपके सहयोग से आइए हम नए ओडिशा के विकास का मार्ग प्रशस्त करें।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा सनातन संस्कृति का एक अत्यंत पावन उत्सव है, जिसे देश के करोड़ों श्रद्धालु अत्यंत भक्तिभाव से मनाते हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘रथ यात्रा का यह पर्व सभी के जीवन में शान्ति, समृद्धि व वैभव लाए।’’ इस बीच, पुरी में ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष के साथ भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की ‘पहाड़ी’ (शोभा यात्रा) शुरू हुई।

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने बताया कि पहाड़ी सुबह साढ़े नौ बजे बजे शुरू हुई और देवी-देवताओं की शोभायात्रा दोपहर साढ़े बजे तक संपन्न हो जाएगी, जबकि ‘छेरा पन्हारा’ (स्वर्ण झाडू से रथों की सफाई) अनुष्ठान अपराह्न ढाई से साढ़े तीन बजे के बीच किया जाएगा और शाम चार बजे रथों को खींचा जाएगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav