गंगा घाट से युवक-युवतियों को ‘भगाने’ वाले युवक ने कहा,’अमर्यादित हरकतें’ करने पर उन्हें बाहर जाने को कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Jun 2023 10:25 PM
गंगा घाट से युवक-युवतियों को ‘भगाने’ वाले युवक ने कहा,’अमर्यादित हरकतें’ करने पर उन्हें बाहर जाने को कहा
ऑडियो सुनें

हरिद्वार. हरिद्वार में महाराजा अग्रसेन गंगा घाट से दूसरे समुदाय के युवक-युवतियों को कथित तौर पर भगाने वाले युवक ने पुलिस को बताया कि उसने उन्हें वहां ‘अमर्यादित हरकतें’ करने पर टोका था और वहां से बाहर जाने को कहा था. हाल में इस संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सोमवार को मामले की जांच शुरू की और उसमें दिखाई दे रहे युवक का पता लगाया जिसने पूछताछ में यह जानकारी दी.

आशीष गौर नाम के युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ 16 जून को अग्रसेन घाट पर गया था जहां युवक-युवतियां गंगा में स्नान करते हुए ‘अमर्यादित हरकतें’ कर रहे थे जिस पर उसने उन्हें टोका था. उसने बताया कि ”ये लोग गंगा में ही कुल्ला भी कर रहे थे.” गौर ने आरोप लगाया कि ये लोग अक्सर घाट पर आते हैं और यहां स्नान कर रही महिलाओं के वीडियो बनाते रहते हैं. उसने कहा कि बार-बार इस तरह की हरकतें करते रहने के बाद ही उन्हें घाट से बाहर जाने को कहा गया.

युवक का बयान सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया. हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि युवक के बयान के बाद उस पर कोई आरोप नहीं बनता है और इसलिए मामले में किसी भी तरह की कानूनी कारवाई नहीं की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu