भाजपा नेता के हत्यारोपी ‘साहब गोली मत मारो, मैं हाजिर हूं’ लिखे पोस्टर लेकर थाने पहुंचे, किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Jun 2023 10:25 PM
भाजपा नेता के हत्यारोपी ‘साहब गोली मत मारो, मैं हाजिर हूं’ लिखे पोस्टर लेकर थाने पहुंचे, किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

श्रावस्ती. श्रावस्ती जिले के भिनगा इलाके में हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के एक नेता की हुई हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों ने मंगलवार को ‘साहब गोली मत मारो, मैं हाजिर हूं’ लिखे पोस्टर लेकर नाटकीय ढंग से थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया. पोस्टर में हाथ से लिखा था “साहब गोली मत मारो, मैं स्वयं हाजिर हूं!” आत्मसमर्पण का वीडियो मंगलवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल है.

पुलिस के अधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गत 13 जून को भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेमरीचक पिहानी में दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल माता प्रसाद उर्फ करिया की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी. मृतक के पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने माता प्रसाद की मौत के बाद प्राथमिकी में सुसंगत धाराएं एवं अन्य छह आरोपियों के नाम जोड़े. माता प्रसाद सत्तारूढ़ भाजपा का स्थानीय नेता था और आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश थी. पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि सोमवार को कुछ आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस बल ने उन्हें घेर लिया.

उन्होंने कहा कि अरोपियों ने पुलिस पर गोलीबारी की जिसके जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी. मुठभेड़ में एक आरोपी अरविंद कुमार वर्मा पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी पुत्ती लाल वर्मा मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया.

उन्होंने बताया कि इन दोनों आरोपियों सहित सोमवार तक पुलिस ने कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था.
प्राची सिंह ने बताया कि बाकी बचे आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थीं. इसी बीच, मंगलवार की सुबह राम अवतार व पुतराम वर्मा नामक दो अन्य नामजद आरोपियों ने अचानक हाथों में “साहब गोली मत मारना, हम खुद हाजिर हैं” लिखे पोस्टर लेकर थाने में पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नौ नामजद आरोपियों में से कुछ का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम अपना काम कर रही हैं और बाकी बचे दो अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu