दिल्ली हवाईअड्डे पर 38 करोड़ की कोकीन की तस्करी के आरोप में केन्याई महिला गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 22 Jun 2023 12:21 PM
दिल्ली हवाईअड्डे पर 38 करोड़ की कोकीन की तस्करी के आरोप में केन्याई महिला गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 38 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन की तस्करी कर रही एक केन्याई महिला को गिरफ्तार किया गया है। सीमा शुल्क के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह कोकीन शराब की बोतलों में छिपा कर रखी गई थी। आरोपी, अदीस अबाबा होते हुए केन्या से आयी थी। सोमवार को हवाईअड्डे पर उतरने के बाद उसे रोका गया और जांच की गई।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के बैग से मिली तीन शराब की बोतलों में 2.5 किलोग्राम कोकीन छिपा कर रखी गयी थी। उन्होंने कहा कि यात्री को यह बैग नैरोबी में दिया गया था जिसे दिल्ली पहुंचकर एक व्यक्ति के हवाले करना था।

अधिकारी ने बताया कि यात्री को गिरफ्तार कर 38.05 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन जब्त कर ली गई। उन्होंने कहा कि आरोपी को मंगलवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

उल्लेखनीय है कि सीमा शुल्क अधिकारियों ने हवाईअड्डे पर 15 जून को एक अन्य केन्याई महिला को 13 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन की तस्करी के जुर्म में गिरफ्तार किया था। यह कोकीन शराब की दो बोतलों में घोली गई थी।

इस बीच अधिकारियों ने हवाईअड्डे पर काम कर रही निजी एजेंसियों के दो कर्मचारियों के खिलाफ 2.42 करोड़ रुपये के सोने की तस्करी करने को लेकर दो अलग मामले दर्ज किए।

सीमा शुल्क ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ”दो लोगों की तलाशी के दौरान उनके पास से 4.63 किलोग्राम सोना बरामद किया गया जिसकी कीमत तकरीबन 2.42 करोड़ रुपये है।” तलाशी के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav