कांग्रेस केवल लूट की गारंटी दे सकती है: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 16 Oct 2023 09:04 PM
कांग्रेस केवल लूट की गारंटी दे सकती है: नड्डा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस केवल ”लूट की गारंटी” दे सकती है. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह भ्रष्टाचार के जरिए धन एकत्र करने की खातिर कर्नाटक को ‘एटीएम’ में बदल रही है ताकि अपने चुनाव प्रचार के लिए धन जुटा सके.

नड्डा ने कर्नाटक में विभिन्न जांच एजेंसी की छापेमारी में कुछ ठेकेदारों के पास से 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि कथित रूप से मिलने का हवाला देते हुए कहा कि यह शर्मनाक और मतदाताओं के साथ घिनौना मजाक है. नड्डा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि यह कांग्रेस के भ्रष्ट ‘डीएनए’ का महज एक छोटा सा नमूना है.

उन्होंने तत्कालीन भाजपा सरकार में ठेकेदारों को भारी कमीशन देने पर मजबूर किए जाने संबंधी आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सर्मिथत यही ठेकेदार कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के खिलाफ झूठ परोसने में सक्रिय थे. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. कांग्रेस सरकारों ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान को भी भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया है और वह तेलंगाना एवं मध्यप्रदेश को भी ऐसा ही एटीएम बनाकर जनता की गाढ़ी कमाई लूटना चाहती है.”

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मध्यप्रदेश और तेलंगाना में सत्ता में आने के सपने इसलिए पाल रही है ताकि वह गरीबों के कल्याण और प्रदेश के विकास का पैसा लूट सके. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस केवल लूट की ही गारंटी दे सकती है.” कांग्रेस चुनावों में विशिष्ट कल्याणकारी कदम उठाने की गारंटी देने का वादा कर रही है और इन्हीं चुनावी वादों की मदद से उसने कर्नाटक के चुनाव में सफलता हासिल की.

नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को वादे करने की कला में महारत हासिल है और अब यह पार्टी एक कदम आगे बढ़कर वादों के बदले में गारंटी देने लगी है. भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद कर्नाटक में बेतहाशा भ्रष्टाचार बढ़ा है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा भ्रष्टाचार की गारंटी है.

आयकर विभाग के अधिकारियों ने कर्नाटक में एक ठेकेदार, उसके बेटे, एक जिम प्रशिक्षक और एक वास्तुकार सहित कई लोगों से जुड़े परिसरों पर छापे मारकर बड़ी नकद राशि बरामद की है. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी कांग्रेस पर इस मुद्दे को लेकर निशाना साधा और कहा कि राहुल गांधी ‘तपस्वी की तरह मौन साधने’ के बजाय इस बारे में ‘कुछ कहें’.

उन्होंने कहा, ”यह शर्मनाक, अपमानजनक और निंदनीय है. यह कांग्रेस कैश(नकदी)के लिए है, कांग्रेस करप्शन (भ्रष्टाचार) के लिए है.” भाजपा नेता ने सवाल किया, ”राहुल गांधी, कर्नाटक के ठेकेदारों से 50 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है. किसके 600 करोड़ रुपये के बिल को कथित तौर पर हाल में मंजूरी दी गई थी? इसका हम क्या अर्थ निकालें?”

भाजपा और कांग्रेस के बीच पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों में से चार राज्यों में कड़ा मुकाबला होने की संभावना हैं. दोनों दलों के बीच छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सीधी टक्कर होने के आसार हैं. तेलंगाना में इन दोनों दलों के अलावा भारत राष्ट्र समिति भी मजबूत दावेदार है. इन चार राज्यों के साथ ही मिजोरम में भी विधानसभा चुनाव होने हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu