नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक व्यक्ति ने प्लेटफॉर्म पर सो रहे लोगों पर लकड़ी से हमला कर दिया जिससे दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित प्लेटफार्म संख्या छह पर सो रहे थे तभी यह हमला हुआ. उन्होंने बताया कि इसका कोई कारण ज्ञात नहीं है.
जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर जीआरपी की गश्त टीम मौके पर पहुंची और आरोपी जय कुमार केवट (45) को हिरासत में ले लिया. अधिकारी ने बताया कि हमले में तमिलनाडु निवासी गणेश कुमार (40) और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है. उन्होंने बताया कि जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.