बेंगलुरु. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शुक्रवार को हुई ‘रोड रेज’ की एक घटना में एक व्यक्ति को कार के बोनट पर एक किलोमीटर तक घसीटने का मामला सामने आया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दर्शन नामक एक व्यक्ति को कार पर बैठने के लिए संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है, कार को कथित तौर पर प्रियंका नाम की एक महिला चला रही थी.
पुलिस के मुताबिक, दर्शन की कार और प्रियंका की कार के बीच ज्ञानभारती मेन रोड पर सुबह टक्कर हो गयी थी. पुलिस के मुताबिक, प्रियंका की कार दर्शन की कार से कथित तौर पर टकरा गई थी, जिसके बाद दर्शन अपनी कार से बाहर आ गया. जब दर्शन ने प्रियंका की कार को रोकने और उसमें सवार लोगों से बात करने की कोशिश की, तो प्रियंका ने कथित तौर पर कार की गति तेज कर दी और वहां से फरार हो गई.
पुलिस ने बताया कि इस डर के मारे कि कहीं वह कार के नीचे आकर कुचल न जाए, दर्शन तेजी से कूदा और कार के बोनट पर चढ़ गया. पुलिस के मुताबिक इसके बाद प्रियंका की कार करीब एक किलोमीटर तक चली और इस दौरान दर्शन कार के बोनट पर ही बैठा रहा.
इस घटना को लेकर प्रियंका, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति पर हत्या के प्रयास और साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.
आरोपी महिला के पति प्रमोद ने भी दर्शन और उसके तीन दोस्तों के खिलाफ मारपीट और उसकी पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
गौरतलब है कि तीन दिन पहले इसी तरह की एक घटना में, साहिल नामक एक युवक ने 71 वर्षीय मुथप्पा शिवयोगी थोंटापुर को अपने स्कूटर से घसीटा था. साहिल ने बुजुर्ग व्यक्ति की गाड़ी में टक्कर मार दी थी और वहां से भागने का प्रयास करते हुए एक किलोमीटर तक उस बुजुर्ग को सड़क पर घसीटा था.
कई लोगों ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में देखा था. पेशे से प्रकाशक मुथप्पा (71) की बोलेरो गाड़ी में स्कूटर सवार साहिल ने पीछे से टक्कर मार दी थी और जब मुथप्पा ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा. राहगीरों ने साहिल को रोक लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया.