भिवाड़ी में केमिकल फैक्टरी में भयंकर आग, सात मजदूर जिंदा जले; फैक्टरी में मची चीख-पुकार

भिवाड़ी: राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक निजी औद्योगिक इकाई में लगी आग में करीब सात श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

नहीं मिला बाहर आने का मौका

मिली जानकारी के अनुसार खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट जी-1-118 बी में सोमवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम से रीको फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि आग ने कुछ ही मिनटों में भयानक रूप ले लिया और पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि अंदर काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार आग में झुलसकर करीब छह श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहत और बचाव टीम को अंदर से जो शव मिले, वे बुरी तरह जले हुए थे। कुछ शव इतने अधिक झुलस चुके थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतकों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन के अधिकारी, दमकल विभाग की कई गाड़ियां, बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया और आग पर काबू पाने के साथ अंदर फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार दो लोग अंदर फंसे होने की आशंका है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

नहीं पता चल सकता है कारण

आग लगने के कारणों का अभी तक साफ पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं। साथ ही फैक्टरी के सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में कामकाज प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button