आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज, आतिशी बृहस्पतिवार को लेंगे मंत्री पद की शपथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Mar 2023 08:12 PM
आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज, आतिशी बृहस्पतिवार को लेंगे मंत्री पद की शपथ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे. सूत्रों ने यह जानकारी दी. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में दो स्थान रिक्त हो गए थे.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिसोदिया और जैन के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में भारद्वाज और आतिशी को मंत्री नियुक्त किया है. मुख्यमंत्री केजरीवाल की सिफारिश के बाद सक्सेना ने कैबिनेट में मंत्रियों के रूप में नियुक्ति के लिए राष्ट्रपति मुर्मू को आतिशी और भारद्वाज के नामों की सिफारिश की थी.

सूत्रों ने बताया कि नौ मार्च को शपथ लेने के बाद आतिशी और भारद्वाज 17 मार्च से शुरू हो रहे दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में बतौर मंत्री शामिल होंगे. एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया, ‘‘राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के मुख्यमंत्री की सलाह पर दिल्ली के मंत्री मनीष सिसोदिया का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है.’’ जैन के संबंध में भी ऐसी ही अधिसूचना जारी की गई है.

सीबीआई ने 2021-22 की दिल्ली आबकारी नीति (अब समाप्त हो चुकी) को बनाने और लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था. वह 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में हैं. वहीं, जैन को कथित धनशोधन के एक मामले में 30 मई, 2022 को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था. वह भी न्यायिक हिरासत में हैं. भारद्वाज 2013 से आप के विधायक हैं और इस समय दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं. आतिशी शिक्षा विभाग में सिसोदिया की सलाहकार थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu