केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में ‘आप’ नेताओं ने किया सामूहिक अनशन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Apr 2024 06:09 PM
केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में ‘आप’ नेताओं ने किया सामूहिक अनशन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी के प्रमुख नेता रविवार को यहां जंतर-मंतर पर एक दिवसीय अनशन पर बैठे. आप नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तानाशाही करने का आरोप लगाया. पार्टी के कई कार्यकर्ता और समर्थक एक दिवसीय अनशन में शामिल हुए. उन्होंने देशभक्ति के गीत गाए और सलाखों के पीछे केजरीवाल की तस्वीर दिखाने वाले पोस्टर लहराए.

पार्टी नेताओं ने कहा कि अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेश में भी भारतीय इस प्रकार का विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें बोस्टन में हार्वर्ड स्क्वायर, लॉस एंजिलिस में हॉलीवुड साइन, वाशिंगटन में भारतीय दूतावास के बाहर, न्यूयॉर्क टाइम्स स्क्वायर और टोरंटो, लंदन तथा मेलबर्न समेत कई स्थानों पर उनका प्रदर्शन शामिल हैं. दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल, उपाध्यक्ष राखी बिड़लान, मंत्री आतिशी, गोपाल राय और इमरान हुसैन सहित ‘आप’ के कई वरिष्ठ नेता सुबह 11 बजे से राष्ट्रीय राजधानी के जंतर मंतर पर दिन भर के ‘सामूहिक अनशन’ पर बैठे.

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा, ”केजरीवाल ईमानदार थे, हैं और रहेंगे.” उच्चतम न्यायालय ने सिंह को हाल में दिल्ली आबकरी नीति में हुए कथित घोटाले में जमानत दी है. उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सवाल उठाया. उन्होंने दावा किया कि इस मामले की जांच कर रही केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी के 456 गवाहों में से केवल चार ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक के नाम का उल्लेख किया था.

सिंह ने कहा, ”लोग अच्छी तरह से जानते हैं कि किस परिस्थिति में इन गवाहों ने केजरीवाल का नाम लिया है.” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सत्ता से बाहर करने के लिए आप और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवारों को जीताने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया. दिल्ली की मंत्री अतिशी ने भाजपा पर तानाशाही करने का आरोप लगाया और दावा किया कि आप का एक दिवसीय अनशन भाजपा की रातों की नींद उड़ा देगा.

उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी से लोगों में गुस्सा है और यह भाजपा के ”ताबूत में आखिरी कील” साबित होगी.
पार्टी नेताओं ने बताया कि आप शासित पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कई मंत्री स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के गांव खटकर कलां में सामूहिक अनशन में शामिल हुए हैं. ‘आप’ की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने लोगों से केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में अनशन में शामिल होने की अपील की थी.

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी ‘आप’ को खत्म करने की भाजपा की साजिश का हिस्सा है. केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और वह 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu