गोल्डी बराड़ गिरोह का सक्रिय सदस्य हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार : पुजाब पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jan 2023 08:38 PM
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब पुलिस ने रविवार को बताया कि उसने गोल्डी बराड़ गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को हिमाचल प्रदेश के सुन्दर नगर से गिरफ्तार किया है. पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी (32) के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में हत्या और हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं.

चंडीगढ़ का रहने वाला पैरी 2011 में अपने कॉलेज के दिनों में कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और एक अन्य गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में आया. पुलिस ने बताया कि आरोपी डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी प्रदीप सिंह की हत्या में कथित रूप से संलिप्त था. प्रदीप सिंह की 10 नवंबर, 2022 को कोटकपूरा में उनकी दुकान के बाहर छह लोगों ने हत्या कर दी थी.

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि व्यवस्थित जांच और प्राप्त सुराग के आधार पर मोहाली पुलिस की टीम ने पता लगाया कि पैरी हिमाचल प्रदेश में है और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे एक होटल से गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि पिछले साल सात नवंबर को बराड़ के निर्देश पर पैरी ने हर्षवीर सिंह बाजवा को 20,000 रुपये दिए और यह धनराशि मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी के खाते में जमा कराने को कहा. मन्नी, प्रदीप सिंह हत्याकांड में आरोपी है. पंजाब पुलिस बाजवा और मनप्रीत सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu