एयरो इंडिया शो: बेंगलुरु में आयोजन स्थल से 10 किलोमीटर के दायरे में मांसाहार की बिक्री पर रोक

बेंगलुरु. बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने शुक्रवार को आदेश जारी किया कि यहां आयोजित होने वाले एयरो इंडिया शो के मद्देनजर 30 जनवरी से 20 फरवरी तक मांस की दुकानों, मांसाहारी रेस्तरां और होटलों को बंद रखा जाएगा. बीबीएमपी ने अपने सार्वजनिक नोटिस में कहा कि येलहांका वायु सेना केंद्र के 10 किलोमीटर के दायरे में मांसाहारी खाद्य पदार्थों को परोसने और बेचने पर प्रतिबंध रहेगा. एयरो इंडिया शो 13 से 17 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा.

बीबीएमपी ने कहा, ‘‘इस नोटिस के माध्यम से वायु सेना स्टेशन, येलहांका के 10 किलोमीटर के दायरे में 30 जनवरी से 20 फरवरी तक आम जनता और मांस स्टाल, मांसाहारी होटल और रेस्तरां के मालिकों को सभी मांस/मुर्गा/मछली की दुकानों को बंद रखने और मांसाहारी व्यंजन परोसने/बिक्री पर प्रतिबंध के लिए सूचित किया जाता है.’’ इसमें कहा गया है कि इस नोटिस के किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर बीबीएमपी अधिनियम-2020 और भारतीय विमान नियमावली, 1937 की नियम संख्या 91 के तहत सजा दी जा सकती है. बीबीएमपी के अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर फैले मांसाहार के कचरे पर बड़ी संख्या में पक्षी, विशेष रूप से चील मंडराती हैं, जिससे विमान हादसों की आशंका रहती है, इसलिए यह फैसला किया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button