महामारी के दौरान रेवड़ियां बांटने पर खर्च करने वाले अमेरिका, जापान, चीन कर रहे आर्थिक संकट का सामना: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 May 2023 07:49 PM
महामारी के दौरान रेवड़ियां बांटने पर खर्च करने वाले अमेरिका, जापान, चीन कर रहे आर्थिक संकट का सामना: नड्डा
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को दावा किया कि अमेरिका, चीन और जापान अब आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान मुफ्त की रेवड़ियां बांटने पर पैसा खर्च किया जबकि भारत सरकार उस अवधि के दौरान बुनियादी ढांचे, कृषि और अन्य क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज लेकर आई.
नड्डा यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस समारोह में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने भाग लिया.

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका, चीन और जापान जैसे देश आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं क्योंकि उन देशों ने कोविड-19 महामारी के दौरान मुफ्त की रेवड़ियों पर खर्च किया. हमारा देश कृषि, बुनियादी ढांचे और इसी तरह के अन्य क्षेत्रों पर खर्च करने के उद्देश्य से 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज के साथ आया.’’

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा अच्छा नेता होने से मदद मिलती है. महाराष्ट्र में पूर्ववर्ती महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार को ‘पूरी तरह भ्रष्ट’ करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे नीत सरकार ने सभी अच्छे कामों में रोड़ा अटकाया. महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में भागीदार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ‘‘लेकिन अब एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार लोगों के मुद्दों का समाधान करेगी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu