शहीद शांतिरक्षकों के लिए नयी स्मारक दीवार बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से खुशी हुई : मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 Jun 2023 09:30 PM
शहीद शांतिरक्षकों के लिए नयी स्मारक दीवार बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से खुशी हुई : मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि शहीद शांतिरक्षकों के लिए नयी स्मारक दीवार स्थापित करने के भारत के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में स्वीकार कर लिया गया है. उन्होंने इस प्रस्ताव का समर्थन करने वाले सभी देशों का आभार जताया. मोदी ने कहा कि यूएनजीए में पारित प्रस्ताव को रिकॉर्ड 190 देशों ने सह-प्रायोजित किया. प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, “मुझे खुशी है कि शहीद शांतिरक्षकों के लिए एक नयी स्मारक दीवार स्थापित करने संबंधी प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र महासभा में पारित हो गया है. प्रस्ताव को रिकॉर्ड 190 देशों ने सह-प्रायोजित किया. समर्थन के लिए आप सभी का आभारी हूं.”

शहीद शांतिरक्षकों के सम्मान में दीवार के प्रस्ताव को मंजूरी भारत के प्रति विश्वास दर्शाती है: जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शहीद हुए शांतिरक्षकों के सम्मान में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक स्मारक दीवार स्थापित करने के भारत के मसौदा प्रस्ताव को स्वीकार किए जाने का स्वागत करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इस प्रस्ताव को 190 देशों द्वारा सह प्रायोजित किया जाना भारत के योगदान और उसके इरादे के प्रति विश्वास को दर्शाता है.

जयशंकर ने ट्वीट किया, ” भारत ने शहीद हुए शांतिरक्षकों के सम्मान में एक स्मारक दीवार स्थापित करने के लिए एक मसौदा प्रस्ताव पेश किया था. इस प्रस्ताव को 190 देशों ने सह प्रायोजित किया, जो भारत के योगदान और उसके इरादे के प्रति विश्वास को दर्शाता है.” उन्होंने कहा, ”सभी सदस्य देशों को धन्यवाद, जिन्होंने प्रस्ताव को सह प्रायोजित किया.” गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने शहीद हुए शांतिरक्षकों के सम्मान में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक स्मारक दीवार स्थापित करने के लिए भारत द्वारा लाए गए मसौदा प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है.

संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘मेमोरियल वॉल फॉर फॉलन यूनाइटेड नेशंस पीसकीपर्स’ नामक मसौदा प्रस्ताव पेश किया. संयुक्त राष्ट्र के करीब 190 सदस्य देशों द्वारा सह-प्रायोजित इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया. प्रस्ताव पेश करते हुए कंबोज ने कहा था कि स्मारक दीवार इस बात का प्रमाण होगी कि संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों को कितना महत्व देता है.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu