असम: मुख्यमंत्री हिमंत शर्मा ने गिरजाघरों के सर्वेक्षण से जुड़े पुलिस के निर्देश की जांच करने को कहा

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य पुलिस के उस निर्देश से दूरी बना ली है, जिसमें जिलों को गिरजाघरों का सर्वेक्षण करने के लिए कहा गया था. उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस तरह का पत्र जारी करने के कारणों की जांच करने और तुरंत ‘‘सुधारात्मक उपाय’’ करने को कहा है.

शर्मा ने शनिवार को एक ‘टेलीविजन चैनल’ को बताया कि गिरजाघर जैसे धार्मिक संस्थानों का सर्वेक्षण करने की असम सरकार की कोई मंशा नहीं है. मुख्यमंत्री असम पुलिस की विशेष शाखा द्वारा जिला प्रशासन को लिखे गए उस पत्र पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें गिरजाघरों की संख्या, धर्मांतरण और जबरन धर्मांतरण में शामिल लोगों (यदि कोई हो तो) उनके बारे में जानकारी मांगी गई थी.

शर्मा ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमें इस तरह की जानकारी नहीं मांगनी चाहिए कि असम में कितने गिरजाघर हैं. इससे किसी विशेष धार्मिक समुदाय की भावना आहत हो सकती है. हमें इस तरह की चीजों से दूर रहना चाहिए.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस पत्र से पूरी तरह से किनारा करता हूं क्योंकि किसी भी सरकारी मंच पर इस बारे में कभी चर्चा नहीं हुई. पत्र पूरी तरह से अनुचित है और असम के नागरिक के रूप में, हम सभी समुदायों के साथ शांति और सद्भाव से रहना चाहते हैं.’’

शर्मा ने कहा, ‘‘मैंने डीजीपी को जांच करने और सुधारात्मक उपाय करने को कहा है क्योंकि सरकार किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहती है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इस बात की जांच करने दीजिए कि इसकी पृष्ठभूमि क्या है और ऐसा पत्र क्यों जारी किया गया.’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button