राहुल का मोदी पर पलटवार, कहा – अडाणी, अंबानी ने ‘टेम्पो में पैसा भेजा’ तो ED, CBI से जांच कराएं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 May 2024 10:18 PM
राहुल का मोदी पर पलटवार, कहा – अडाणी, अंबानी ने ‘टेम्पो में पैसा भेजा’ तो ED, CBI से जांच कराएं
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनौती दी कि वह इस बात की जांच सीबीआई या ईडी से कराएं कि क्या उद्योगपति अडाणी और अंबानी ने उनकी पार्टी को ”टेम्पो से पैसा भेजा” है. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की उस टिप्पणी पर पलटवार किया, जिसमें मोदी ने एक चुनावी रैली में कांग्रेस नेता पर हमला करते हुए कहा था कि उन्होंने (राहुल) अपने हमलों में अडाणी और अंबानी का नाम लेना क्यों बंद कर दिया है और क्या उन्हें इसके बदले में इन उद्योगपतियों से पैसा मिला है.

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए गांधी ने एक वीडियो संदेश में पूछा कि क्या मोदी उद्योगपतियों द्वारा भेजे जा रहे पैसों के बारे में अपने ”व्यक्तिगत अनुभव” के आधार पर बोल रहे हैं. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी ने दो उद्योगपतियों को जितने पैसे दिए हैं, कांग्रेस पार्टी विभिन्न योजनाओं के जरिए भारत की जनता को उतना पैसा देगी, जिसका पार्टी ने वादा किया है.” उन्होंने दावा किया, ”देश जानता है कि भाजपा के भ्रष्टाचार के टेम्पो का ‘ड्राइवर’ और ‘खलासी’ कौन है.”

गांधी ने वीडियो संदेश में कहा, ”मोदी जी, क्या आप थोड़ा डरे हुए हैं? आम तौर पर आप बंद कमरे में अडाणी और अंबानी के बारे में बात करते हैं, लेकिन पहली बार आपने सार्वजनिक रूप से अडाणी और अंबानी के बारे में बात की है.” उन्होंने कहा, ”तो आप ये भी जानते हैं कि वे टेम्पो में पैसे देते हैं. क्या यह आपका व्यक्तिगत अनुभव है?” कांग्रेस नेता ने कहा, ”एक काम करिये – सीबीआई (केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो), ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) को उनके पास भेजिये और पूरी जांच करिये.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि पिछले पांच सालों से सुबह उठते ही ‘अंबानी और अडाणी के नाम की माला जपने वाले कांग्रेस के शहजादे’ ने उनसे ‘कितना माल उठाया’ है जो लोकसभा चुनाव घोषित होते ही उन्होंने उन्हें ‘गाली देना’ बंद कर दिया.

उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल का नाम लिए बगैर ‘दाल में कुछ काला’ होने की आशंका जताई. हैदराबाद से करीब 150 किलोमीटर दूर वेमुलावाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने यह दावा भी किया कि देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के बाद कांग्रेस और उसके ‘इंडी’ गठबंधन के घटक दलों का तीसरा ‘फ्यूज’ उड़ गया है. उन्होंने कहा कि मतदान के चार चरण शेष हैं और जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जीत की ओर बढ. रहा है.

मोदी ने कहा, ”आपने देखा होगा. कि कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए) पिछले पांच साल से सुबह उठते ही माला जपना शुरु करते थे… पांच साल से एक ही माला जपते थे. पांच उद्योगपति… फिर धीरे-धीरे कहने लगे… अंबानी, अडाणी… पांच साल से… लेकिन जब से चुनाव घोषित हुआ है इन्होंने अंबानी अडाणी को गाली देना बंद कर दिया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu