यात्री के गहने ले कर भागने वाला ऑटो रिक्शा चालक गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 12 Jan 2023 01:45 PM
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने 37 वर्षीय आॅटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है, जो एक यात्री के 8.08 लाख रुपये के गहने लेकर कथित तौर पर फरार हो गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। नौपाड़ा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक संजय धूमल ने बताया कि यह घटना सोमवार को उस समय घटी, जब एक जोड़ा अपने गहने बैंक लॉकर में रखने के लिए आॅटो रिक्शा से जा रहा था।

उन्होंने कहा कि जब जोड़ा आॅटो रिक्शा से उतरा और महिला आॅटो रिक्शा में रखा गहनों से भरा बैग उठाने ही वाली थी तभी चालक वाहन ले कर तेज गति से भाग निकला। इस दंपती ने नौपाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस दल ने अलग-अलग सूचनाओं पर काम किया और रास्ते में लगे 35 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की।

दो घंटे बाद शहर के लोकमान्य नगर निवासी आरोपी शिवप्रसाद बनवारीलाल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और उसके पास से गहने बरामद कर लिये हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 379 (चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav