अयोध्या: रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के साथ महापुरुषों की भी स्मृति होगी जीवंत…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 23 Nov 2023 01:55 PM
ऑडियो सुनें

अयोध्या: नवनिर्मित मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के साथ महापुरुषों की भी स्मृति जीवंत होगी। प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन को आने वाले रामभक्तों के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट जो टेंट सिटी निर्मित करा रहा है, उसमें स्वामी विवेकानंद, रामचंद्रदास परमहंस, महंत अवेद्यनाथ एवं अशोक के नाम से ब्लाक की स्थापना होगी। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र और अन्य सदस्यों ने मंदिर के साथ ही बाग बिजेसी की टेंट सिटी का निरीक्षण किया और व्यवस्था को प्रभावी बताकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस सारे प्रयास के पीछे भावना यह है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को अधिकतम सुविधा मिल सके।

विहिप के केंद्रीय मंत्री कोटेश्वर शर्मा ने बताया कि निर्माणाधीन टेंट सिटी में चार हजार लोग रह सकेंगे। प्रत्येक काटेज में तीन बेड होंगे। इस हिसाब से 50 एकड़ भूमि पर करीब एक हजार तीन सौ से अधिक काटेज निर्मित हो रहे हैं। टेंट सिटी में विशाल भोजनालय का भी निर्माण किया जा रहा है, जिसमें एक साथ हजार लोग भोजन कर सकेंगे।टेंट सिटी ऐसे विशाल प्रेक्षागृह से भी युक्त होगा, जिसमें सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित हो सकेंगी और जहां मंच के साथ बड़ी संख्या में लोगों के बैठने की भी व्यवस्था होगी।

सरयू तट पर तैयार हो चुकी टेंट सिटी की बुकिंग प्रारंभ हो गई। मोबाइल नंबर 9674123123 पर काटेज बुक कराये जा रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा की तिथि 22 जनवरी पर सभी काटेज बुक हो चुके हैं। अलग-अलग तिथि के लिए काटेज का भिन्न भिन्न किराया तय है। जनवरी में एक व्यक्ति का किराया 18 हजार रुपये है। दिसंबर माह में यही किराया 14 हजार रुपये होगा। यह काटेज ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के बगल में पीपीपी माडल पर विकसित किए गए हैं। काटेज बनाने वाली कंपनी को भूमि अयोध्या विकास प्राधिकरण ने उपलब्ध करायी है।

रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का उल्लास राज्य व केंद्र की सत्ता पर आसीन भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा किया है। एक्स पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के चित्र के साथ पृष्ठ में मंदिर का चित्र साझा करते हुए प्राण प्रतिष्ठा की तिथि 22 जनवरी, 2024 का उल्लेख किया गया है।

ट्रस्ट ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्सव में हिस्सा लेने का आमंत्रण देने के साथ रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की तिथि घोषित की है। दैनिक जागरण ने अपने पाठकों को 28 अप्रैल, 2023 के अंक में ही बताया था कि नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राणप्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। भाजपा के एक्स एकाउंट पर प्राण प्रतिष्ठा तिथि के उल्लेख को पूरे देश में माहौल राममय बनाने से जोड़ कर देखा जा रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav