T20 में भारतीय टीम की लगातार नाकामी पर BCCI सख्त, इंग्लैंड दौरे के बाद होगी प्रदर्शन की समीक्षा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 10 Jul 2026 05:10 PM
T20 में भारतीय टीम की लगातार नाकामी पर BCCI सख्त, इंग्लैंड दौरे के बाद होगी प्रदर्शन की समीक्षा
ऑडियो सुनें

टी20 विश्व कप चैंपियन भारत की लगातार खराब फॉर्म के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाने के बाद बोर्ड ने पुरुष टी20 टीम के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा करने का ऐलान किया है। यह समीक्षा इंग्लैंड दौरे के खत्म होते ही होगी, जिसमें लगातार दो टी20 सीरीज हारने के कारणों और टीम की कमियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इंग्लैंड दौरा खत्म होते ही होगी समीक्षा

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पुरुष टी20 टीम इस समय खराब दौर से गुजर रही है। ऐसे में इंग्लैंड दौरा समाप्त होने के बाद टीम के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘स्थिति बिल्कुल साफ है। इंग्लैंड और उससे पहले आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टी20 टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इसलिए सीरीज खत्म होने के बाद हम समीक्षा करेंगे। टीम किन समस्याओं का सामना कर रही है, इसका विस्तार से विश्लेषण किया जाएगा और उन्हें दूर करने की कोशिश की जाएगी।’ सैकिया ने बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ 19 जुलाई को समाप्त होने वाली वनडे सीरीज के तुरंत बाद समीक्षा बैठक होगी।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर लगातार निराशा
भारत ने पहले आयरलैंड के खिलाफ पहली बार किसी टी20 द्विपक्षीय सीरीज में 0-2 से हार झेली। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर भी टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ब्रिस्टल में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भारत को नौ विकेट से हार मिली, जिसके साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।

बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों रहे चिंता का विषय
ब्रिस्टल टी20 में कप्तान श्रेयस अय्यर की नाबाद 80 रन की पारी को छोड़ दें तो बाकी बल्लेबाज खराब शॉट चयन के कारण बड़ी पारी नहीं खेल सके। भारत ने 158/7 का स्कोर बनाया, जिसे इंग्लैंड ने सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक (नाबाद 79) और फिल सॉल्ट (नाबाद 59) ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

टीम इंडिया की सबसे बड़ी समस्याएं
बीसीसीआई समीक्षा में जिन मुद्दों पर सबसे ज्यादा चर्चा होने की संभावना है, उनमें शामिल हैं-

  • शीर्ष क्रम और मध्यक्रम का लगातार विफल होना।
  • तेज और सीम मूवमेंट वाली पिचों के अनुसार बल्लेबाजी में बदलाव नहीं कर पाना।
  • जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी का कमजोर प्रदर्शन।
  • लगातार बदलता टीम संयोजन।
  • फील्डिंग में गिरता स्तर।

रैंकिंग बचाने का आखिरी मौका
भारत को अब शनिवार को साउथम्प्टन के रोज बाउल में खेले जाने वाले पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। यदि टीम ऐसा नहीं कर पाती है तो पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान भी गंवा सकती है। इसके बाद भारत 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के फैसलों का असर उस दौरे से पहले टीम पर दिखाई देता है या नहीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav