बंगाल हिंसा: हावड़ा के काजीपाडा इलाके में CRPC की धारा 144 लगाई गई, शाह ने राज्यपाल से बात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 Mar 2023 09:38 PM
ऑडियो सुनें

हावड़ा/नयी दिल्ली. पश्चिम बंगाल के हावड़ा शहर के काजीपाडा इलाके में रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान हिंसा के बाद तैनात पुलिसर्किमयों पर शुक्रवार दोपहर बाद अज्ञात लोगों द्वारा पथराव की नई घटना सामने आने के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने इस मुद्दे को लेकर राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस से बात की और स्थिति का जायजा लिया.

राजभवन के एक बयान में कहा गया है कि बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शुक्रवार को स्थिति की समीक्षा की. राज्यपाल ने कहा, ‘‘दोषियों के खिलाफ प्रभावी और ठोस कार्रवाई की जायेगी. सार्वजनिक संपत्ति में आग लगाना, वह भी पवित्र रामनवमी के दिन, एक बहुत ही भड़काऊ कृत्य है और इसे गंभीरता से लिया जाएगा.’’ बोस ने कहा कि राजभवन आम आदमी के जीवन, संपत्ति और सम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी आंख और कान खुले रखेगा.

बोस के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य में, विशेषकर हावड़ा के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली. सूत्रों ने नयी दिल्ली में बताया कि माना जा रहा है कि राज्यपाल ने बृहस्पतिवार को हुई हिंसा और मौजूदा स्थिति के बारे में गृह मंत्री को जानकारी दी है.

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर अज्ञात लोगों ने पुलिसर्किमयों पर हमला कर दिया और लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियों का इस्तेमाल करना पड़ा और पथराव में कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि काजीपाडा इलाके में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू है. बृहस्पतिवार से अब तक हिंसा के सिलसिले में 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

उन्होंने कहा, ‘‘दोपहर तक हालात शांतिपूर्ण थे. इसके बाद पुलिसर्किमयों पर पथराव किया गया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया. हमारे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की और कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया.’’ अनेक लोग घरों में कैद हो गये और दुकानें तथा बाजार बंद हो गये. पथराव की घटना के बाद वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.

कोलकाता पुलिस के त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) की एक टीम को शुक्रवार दोपहर इलाके में भेजा गया. जवानों ने पथराव की घटनाओं के बाद ‘रूट मार्च’ निकाला. इससे पहले, आज दिन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि हावड़ा में हुई हिंसा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य दक्षिणपंथी संगठन जिम्मेदार हैं. उन्होंने लोगों से इलाके में शांति बनाये रखने की अपील की.

बनर्जी ने बांग्ला समाचार चैनल ‘एबीपी आनंदा’ से बातचीत में कहा, ‘‘हावड़ा की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. हावड़ा में हिंसा के पीछे न तो हिंदू थे और न ही मुस्लिम थे. बजरंग दल और अन्य ऐसे संगठनों के साथ भाजपा हथियारों के साथ हुई इस हिंसा में शामिल थी.’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उन सभी लोगों की मदद करेगी, जिनकी संपत्तियों को झड़पों के दौरान नुकसान पहुंचा.

पश्चिम बंगाल के हावड़ा शहर में बृहस्पतिवार की शाम रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान दो समूहों के बीच हिंसा हो गयी थी. घटना तब हुई, जब शोभायात्रा काजीपाड़ा इलाके से गुजर रही थी. हिंसा के दौरान कई दुकानों और आॅटो-रिक्शा में तोड़फोड़ की गई, जबकि कुछ पुलिस वाहनों सहित कई कार में आग लगा दी गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu