भाजपा के सत्ता दुरुपयोग के बावजूद छात्रसंघ चुनाव में बीजद का बेहतरीन प्रदर्शन: पटनायक

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 17 Oct 2026 04:34 PM
भाजपा के सत्ता दुरुपयोग के बावजूद छात्रसंघ चुनाव में बीजद का बेहतरीन प्रदर्शन: पटनायक
ऑडियो सुनें

बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को दावा किया कि उनकी पार्टी की छात्र इकाई बीजू छात्र जनता दल (बीसीजेडी) के उम्मीदवारों ने 15 अक्टूबर को हुए छात्रसंघ चुनाव में विश्वविद्यालयों की 50 प्रतिशत और कॉलेजों की 60 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल की है।

ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने चुनाव में बीजू छात्र जनता दल के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव जीतने के लिए धनबल, बाहुबल और अन्य अनुचित तरीकों का इस्तेमाल किया।

विधानसभा में विपक्ष के नेता पटनायक ने संवाददाताओं से कहा, ”भाजपा सरकार द्वारा धनबल और बाहुबल के इस्तेमाल तथा तमाम गलत हथकंडे अपनाए जाने के बावजूद बीजू छात्र जनता दल ने हालिया चुनाव में बहुत बेहतरीन प्रदर्शन किया है। बीसीजेडी ने कॉलेजों में 60 प्रतिशत से अधिक और विश्वविद्यालयों में करीब 50 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज की है।

मैं बीजू छात्र जनता दल के सभी युवाओं को बधाई देता हूं।” पटनायक का यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस वक्तव्य के कुछ घंटों बाद आया है, जिसमें शाह ने ओडिशा छात्र संघचुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की जीत को ”देश विरोधी ताकतों को करारा जवाब” बताया था और कहा था कि यह जीत साबित करती है कि युवा ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के पक्ष में हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav