उप्र में भाजपा ‘अधर्म’ कर रही है, आदित्यनाथ कोई धार्मिक नेता नहीं हैं: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Feb 2023 08:52 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि भाजपा देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य में जो कर रही है वो धर्म नहीं, अधर्म है. उन्होंने सामाजिक संगठनों के ‘भारत जोड़ो अभियान’ कार्यक्रम में यह टिप्पणी की. इस कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने यह जानकारी दी.

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने इस कार्यक्रम में कहा, ‘‘ योगी जी को अगर हिंदू धर्म समझ आता तो वह जो करते हैं वो नहीं करते….वह अपने मठ का अपमान कर रहे हैं. वह धार्मिक नेता नहीं, बल्कि एक मामूली ठग हैं.’’ कार्यक्रम में मौजूद महिला ने उनसे सवाल किया था कि उत्तर प्रदेश में जो ‘धर्म की आंधी’ चल रही है, इस स्थिति में कांग्रेस क्या करेगी?

सूत्रों का कहना है कि इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आपने कहा कि उत्तर प्रदेश में धर्म की आंधी है. यह धर्म नहीं है. मैंने इस्लाम के बारे में पढ़ा, ईसाई धर्म के बारे में पढ़ा है, यहूदी धर्म के बारे में पढ़ा है, बौद्ध धर्म के बारे में पढ़ा है. हिंदू धर्म तो मैं समझता हूं. कोई धर्म नहीं कहता है कि नफरत फैलाओ.’’ गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा जो कर रही है वो धर्म नहीं, अधर्म है.

उन्होंने कहा कि जैसे ही व्यक्ति तपस्या करना बंद कर देता है तो उसके लिए भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है. गांधी ने कहा कि कांग्रेस तपस्वियों की पार्टी है, जबकि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इसके विपरीत हैं. उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह छोटा एवं पहला कदम है, आगे और भी प्रयास किए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu