आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटी भाजपा, शाह और नड्डा ने की बैठकें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 Jun 2023 11:05 PM
आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटी भाजपा, शाह और नड्डा ने की बैठकें
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक तंत्र की समीक्षा के साथ ही उसे और मजबूत बनाने के मकसद से पिछले 24 घंटे में मैराथन बैठकें कीं. सूत्रों ने बताया कि महासचिव (संगठन) बी एल संतोष सहित पार्टी नेताओं ने सोमवार रात और मंगलवार को बैठक की.

बैठकों के एजेंडे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि पार्टी सूत्रों ने कहा कि बैठकों में वर्तमान राजनीतिक स्थिति के साथ ही संगठनात्मक मामलों का जायजा लिया गया. सूत्रों ने बताया कि भाजपा कुछ राज्यों में अपने संगठन में कुछ बदलाव कर सकती है और अपने पदाधिकारियों को नई भूमिकाएं सौंप सकती है. कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से हारने के बाद, भाजपा आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन सुनिश्चित करने  के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.

राजस्थान और छत्तीसगढ. में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां कांग्रेस सत्ता में है. मध्य प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव हैं जहां भाजपा का शासन है. तेलंगाना में भी चुनाव होने हैं, जहां 2014 में राज्य के गठन के बाद से भारत राष्ट्र समिति शासन कर रही है. भाजपा की कोशिश जहां राजस्थान और छत्तीसगढ. में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने की है वहीं मध्य प्रदेश में सत्ता बचाए रखने की भी उसके समक्ष चुनौती है. तेलंगाना में भी भाजपा बीआरएस को पटखनी देने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu