भाजपा ‘राजनीतिक चकला’ चला रही है : संजय राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Feb 2024 07:14 PM
भाजपा ‘राजनीतिक चकला’ चला रही है : संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र में ‘राजनीतिक चकला’ (वेश्यालय) चला रही है और राज्य की संस्कृति को प्रदूषित करने के लिए वही एकमात्र जिम्मेदार है.
उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र ‘सामना’ में अपने स्तंभ ‘रोकठोक’ में राज्यसभा सदस्य ने कहा कि भाजपा को 200 से ज्यादा लोकसभा सीट जीतने का भरोसा नहीं है. उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण जैसे नेताओं को शामिल करने का हवाला दिया.

राउत ने आरोप लगाते हुए कहा ”महाराष्ट्र एक समय राजनीति में प्रगतिशील और आधुनिक विचारों के प्रति अगाध समर्थन के लिए प्रसिद्ध था. राज्य की छवि बदलने के लिए भाजपा पूरी तरह से जिम्मेदार है. महाराष्ट्र अब राजनीतिक पाला बदलने और सांकृतिक पतन के लिए जाना जा रहा है.” राउत ने कहा ”देवेंद्र फडणवीस और (पूर्व सांसद) किरीट सोमैया जैसे भाजपा नेता एक समय अशोक चव्हाण के मुखर आलोचक थे. उन्होंने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे. लेकिन अब जब चव्हाण भाजपा में शामिल हो रहे थे तब फडनवीस मौजूद थे. फडणवीस ने एक बार चव्हाण को ‘डीलर’ कहा था. अब, राज्य के उपमुख्यमंत्री को उनके साथ काम करना होगा.”

चव्हाण पर पहले भाजपा ने आदर्श हाउसिंग घोटाले में संलिप्त होने का आरोप लगाया था. पिछले सप्ताह वह भाजपा में शामिल हो गए और पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए नामांकित किया है. उन्होंने स्ंतभ में लिखा, ”भाजपा अब राज्य में एक राजनीतिक चकला चला रही है और इसके पतन की शुरुआत हो गई है. छगन भुजबल पर महाराष्ट्र सदन निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगे, अजीत पवार पर सिंचाई और महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक घोटालों में शामिल होने का आरोप लगा जबकि अशोक चव्हाण पर आदर्श सोसाइटी में घोटाले के आरोप लगे.” राउत ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब फडणवीस विपक्ष में थे तब अशोक चव्हाण को जेल में डालने की बात करते थे, लेकिन अब वे उनकी पार्टी में सहयोगी हैं.

उन्होंने दावा किया कि या तो भाजपा के आरोप फर्जी थे या अब सत्तारूढ. दल में शामिल होने के बाद उनके भ्रष्टाचार पर पर्दा डाल दिया गया है. उन्होंने आक्रोशित स्वर में कहा,”इतिहास भाजपा को देश की एक बेशर्म और अनैतिक संस्था के रूप में याद रखेगा.” राउत ने दावा किया कि भाजपा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि के दम पर लोकसभा चुनाव में 200 सीट जीतने का भी भरोसा नहीं है, इसलिए वह देशभर में भ्रष्ट चेहरों को पार्टी में शामिल कर रही है.

लोकसभा चुनाव के लिए एक अनाम सर्वेक्षण का हवाला देते हुए राउत ने दावा किया, ”आरएसएस के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि भाजपा केवल 190 लोकसभा सीट जीतेगी. इसका मतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव होंगे.” उन्होंने कहा कि भाजपा अब इतनी बेचैन है कि उसे चव्हाण को शामिल करना पड़ा, जिन्होंने कथित तौर पर कारगिल युद्ध के शहीदों का अपमान किया था. राउत ने आरोप लगाया, सिर्फ नांदेड़ लोकसभा सीट के लिए भाजपा ने चव्हाण को पार्टी में शामिल किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu