भाजपा ने जल संकट को लेकर किया विरोध प्रदर्शन, ‘आप’ सरकार की आलोचना की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 19 Jun 2024 02:09 PM
भाजपा ने जल संकट को लेकर किया विरोध प्रदर्शन, ‘आप’ सरकार की आलोचना की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली ईकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में व्याप्त जल संकट को लेकर बुधवार को शहर में विरोध-मार्च निकाला और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना की।

भाजपा की दिल्ली ईकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एंड्रयूज गंज में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ नयी दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज भी मौजूद थीं। सचदेवा ने ‘आप’ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी मुफ्त पानी योजना एक ‘ढोंग’ साबित हुई है।

उन्होंने कहा, ”लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। महिलाएं पानी के टैंकरों के इंतजार में रातें गुजार रही हैं, जबकि कई इलाकों में बच्चे पानी की कमी के कारण कई दिनों से नहा नहीं पा रहे हैं।” भाजपा के अन्य सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों ने देश भर के विभिन्न नगरपालिका वार्ड में विरोध-मार्च निकाला।

इस बीच, आप नेता और दिल्ली सरकार की जल मंत्री आतिशी ने कहा कि शहर में 28 लाख लोगों को पानी की कमी के कारण पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भाजपा शासित हरियाणा से राष्ट्रीय राजधानी में प्रतिदिन 100 मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी छोड़े जाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
आतिशी ने धमकी दी कि यदि हरियाणा ने पानी नहीं छोड़ा तो वह शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav