इंदिरा, राजीव पर ‘असंवेदनशील’ टिप्पणियों के लिए मालवीय को बर्खास्त करे भाजपा: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jul 2024 08:45 PM
इंदिरा, राजीव पर ‘असंवेदनशील’ टिप्पणियों के लिए मालवीय को बर्खास्त करे भाजपा: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मंगलवार को आग्रह किया कि पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं के संदर्भ में ”असंवेनदशील” टिप्पणियां करने के लिए सत्तारूढ़ दल के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय को बर्खास्त किया जाए तथा भाजपा देश से माफी मांगे. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने नड्डा को लिखे पत्र में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को मालवीय की टिप्पणियों को खारिज करना चाहिए.

दरअसल, मालवीय ने पिछले दिनों एक टेलीविजन चैनल के कार्यक्रम में कहा था, ”इससे पहले कि कांग्रेस यह दावा करे कि उनके अपने नेताओं की हत्या हुई है, तो मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि उनके (नेताओं) द्वारा लिए गए राजनीतिक निर्णयों के कारण उनकी हत्या की गई…प्रधानमंत्री रहते हुए भी कई बार इंदिरा गांधी के काफिले पर पथराव हुआ. इंदिरा और राजीव दोनों के साथ बहुत दुखद घटनाएं हुई हैं, हम उसकी निंदा करते हैं लेकिन गांधी परिवार की संतानें आज वास्तव में प्रधानमंत्री मोदी की मौत और हमले की कामना कर रही हैं….”

रमेश ने नड्डा को लिखे पत्र में कहा, ”मैं भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय द्वारा की गई हालिया टिप्पणियों के संबंध में गहरी चिंता और निराशा के साथ लिख रहा हूं. पूर्व प्रधानमंत्रियों श्रीमती इंदिरा गांधी और श्री राजीव गांधी की हत्याओं को लेकर की गई उनकी टिप्पणियां न केवल बेहद असंवेदनशील हैं, बल्कि संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए दुखद ऐतिहासिक घटनाओं को कमतर दिखाने का प्रयास भी है.” उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां न केवल हमारे सम्मानित नेताओं की स्मृति का अनादर करती हैं बल्कि देश में राजनीतिक चर्चा के लिए एक निंदनीय मिसाल भी स्थापित करती हैं.

रमेश ने पत्र में कहा, ”आपकी (नड्डा) पार्टी हमारे इतिहास को फिर से लिखना और उसका अनादर करना जारी रखे हुए है, इसलिए आपको हमारे राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में श्रीमती इंदिरा गांधी जी और श्री राजीव गांधी जी दोनों के अपार योगदान की याद दिलाना महत्वपूर्ण है.” उनके मुताबिक, ”इंदिरा गांधी ने चुनौतीपूर्ण समय के दौरान हमारे देश की अखंडता को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. राजीव गांधी के प्रयासों से महत्वपूर्ण शांति समझौते की शुरुआत हुई जिससे संघर्ष से ग्रस्त क्षेत्रों में स्थिरता आई. इन नेताओं की हत्याएं हमारे देश के इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक हैं, उनकी विरासत को कम करने का कोई भी प्रयास अस्वीकार्य है और इसका कड़ा विरोध किया जाएगा.”

रमेश ने कहा, ”शांति के वैश्विक प्रतीक और हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की दुखद हत्या की ओर आपका ध्यान आर्किषत करना भी जरूरी है, जिन्हें उसी संगठन के माध्यम से आगे बढ़ाई गई नफरत और विभाजन की विचारधारा द्वारा मारा गया था जो भाजपा का मार्गदर्शन करती है.” उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि प्रधानमंत्री मोदी समेत भाजपा नेतृत्व अमित मालवीय की टिप्पणियों को खारिज करे. रमेश ने नड्डा से कहा, ”यदि भाजपा वास्तव में हमारे देश के इतिहास और उसके नेताओं का सम्मान करती है, तो मैं आपसे आग्रह करता हूं कि मालवीय को तुरंत उनके पद से हटाया जाए और भारत के लोगों से बिना शर्त माफी मांगी जाए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu