प्रदर्शनकारियों पर सीआईएसएफ के लाठीचार्ज के मामले में बीएसएल के सीजीएम गिरफ्तार

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 04 Apr 2025 02:04 PM
प्रदर्शनकारियों पर सीआईएसएफ के लाठीचार्ज के मामले में बीएसएल के सीजीएम गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बोकारो: झारखंड में प्रदर्शनकारियों के एक समूह को तितर-बितर करने के मकसद से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा कथित तौर पर किए गए लाठीचार्ज की घटना के सिलसिले में बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बीएसएल के सीजीएम (एचआर) को बृहस्पतिवार को सीआईएसएफ की उस कथित कार्रवाई के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जिला प्रशासन की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘बोकारो के उपायुक्त जाधव विजय नारायण राव द्वारा घटना के लिए सीजीएम को जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।’’ बीएसएल ने मृतक के परिजन को 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति जताई है।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को ‘बीएसएल विस्थापित अप्रेंटिस संघ’ के बैनर तले लोगों के एक समूह ने रोजगार के अवसरों सहित अपनी अन्य मांगों के समर्थन में संयंत्र के प्रशासनिक भवन के पास प्रदर्शन किया था।
उसने बताया कि इस्पात संयंत्र की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली सीआईएसएफ ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कथित तौर पर लाठीचार्ज किया, जिसके कारण 26 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।

इस बीच, आॅल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह बोकारो में सड़कों पर उतर आए और आंदोलनकारियों पर ‘लाठीचार्ज’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

हालांकि, सीआईएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया कि मौके पर तैनात उनके कुछ र्किमयों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और लाठियों से भी उन पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार कर्मचारी घायल हो गए।

अधिकारी ने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए जवानों ने हल्का लाठीचार्ज किया था। अधिकारी ने बताया कि भागने की कोशिश करते समय एक व्यक्ति जमीन पर गिर गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार से मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। उन्होंने बोकारो प्रशासन और बीएसएल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital