CBI कानूनी तरीके से कर रही अपना काम, आप को संविधान पर भरोसा नहीं: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Feb 2023 07:35 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करने को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और कहा कि सीबीआई ‘भ्रष्ट’ लोगों के खिलाफ कानूनी तरीके से काम कर रही है, लेकिन ऐसा लगता है कि राजधानी की सत्तारूढ़ पार्टी को कानून, संविधान और लोगों पर भरोसा नहीं है.

अब वापस ले ली गई आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में सिसोदिया को चार मार्च तक सीबीआई रिमांड पर भेजे जाने के बाद भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि अपने ‘नाटक’ और ‘अराजकता’ के प्रदर्शन के जरिए आप ने संकेत दिया है कि वह जांच एजेंसियों को अपना काम नहीं करने देगी. उन्होंने कहा कि यह न्याय की प्रक्रिया में बाधा डालने और अदालत की अवमानना के समान है.

भाजपा प्रवक्ता ने आप को ‘अराजक, आपराधिक पार्टी’ करार दिया और आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल ने संविधान को नष्ट करने की शपथ ली है. उन्होंने कहा कि न तो केजरीवाल कानून का पालन करते हैं और न ही वह भ्रष्टाचार में शामिल अपने मंत्रियों को बर्खास्त करते हैं.

भाजपा नेता ने कहा कि आप सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन को अभी तक जमानत नहीं मिली है, क्योंकि अदालतों का मानना है कि उनके खिलाफ आरोप गंभीर हैं. सीबीआई की एक विशेष अदालत ने सिसोदिया को आबकारी घोटाला मामले में गिरफ्तारी के एक दिन बाद सोमवार को चार मार्च तक केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया.

आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शराब की बिक्री से संबंधित अब रद्द की गई आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu