CBI ने आबकारी नीति मामले में केजरीवाल को तलब किया, ‘आप’ ने साजिश का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Apr 2023 09:35 PM
CBI ने आबकारी नीति मामले में केजरीवाल को तलब किया, ‘आप’ ने साजिश का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल को तलब किया है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि केजरीवाल को जांच दल के सवालों का जवाब देने के लिए पूर्वाह्न 11 बजे एजेंसी मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है. आम आदमी पार्टी (आप) ने इसे एक साजिश बताया और पुष्टि की कि केजरीवाल रविवार को एजेंसी के सामने पेश होंगे.

एजेंसी के सूत्रों ने कहा कि ऐसे आरोप हैं कि कुछ शराब कारोबारियों और दक्षिण लॉबी के पक्ष में नीति में फेरबदल कर जुटाए गए पैसे को ‘आप’ द्वारा चुनावी उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जाने का संदेह है. केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

इस तरह का आरोप है कि दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी नीति में शराब कारोबारियों को लाइसेंस देने के लिए कुछ डीलरों को फायदा पहुंचाया गया, जिन्होंने कथित तौर पर इसके लिए रिश्वत दी थी. हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) ने इस आरोप को खारिज किया था. यह नीति बाद में वापस ले ली गई थी.

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने 17 अगस्त, 2022 को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कहा था, ‘‘यह आरोप लगाया गया है कि आबकारी नीति में संशोधन, लाइसेंसधारियों को अनुचित लाभ देना, लाइसेंस शुल्क में छूट/कमी, अनुमोदन के बिना एल-1 लाइसेंस का विस्तार आदि सहित अनियमितताएं की गईं.’’ सूत्रों ने कहा है कि कई कारकों पर विचार करने के बाद मामले में आरोपपत्र दाखिल करते समय केजरीवाल की अंतिम भूमिका, गवाह या आरोपी के रूप में तय की जाएगी.

उन्होंने कहा कि फिलहाल मुख्यमंत्री से गवाह के तौर पर सवालों के जवाब देने की उम्मीद की जाती है. सीबीआई ने अपने मुख्यालय के आसपास एक विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की है और इसलिए रविवार को पूछताछ का दिन रखा गया क्योंकि इस दिन आसपास के कार्यालय बंद रहते हैं. सिसोदिया को एजेंसी मुख्यालय में बुलाए जाने पर भी एजेंसी ने यही रणनीति अपनाई थी, जहां हिरासत में लिए जाने से पहले उनसे आठ घंटे तक पूछताछ की गई थी.

सीबीआई ने पिछले साल 25 नवंबर को सात आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था, लेकिन उसने मुख्य आरोपी सिसोदिया के खिलाफ जांच खुली रखी थी. इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सीबीआई ने अडाणी मुद्दे पर बोलने के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को तलब किया है और जोर दिया कि ऐसे नोटिस से भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई नहीं रूकेगी.

‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीबीआई का समन मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश है. सिंह ने कहा, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अडाणी मुद्दे के बारे में बात की थी. उसी दिन, मैंने उससे कहा था कि अगली बारी आपकी होगी. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सिर से पांव तक भ्रष्ट है और ऐसे नोटिस से भ्रष्टाचार के खिलाफ केजरीवाल की लड़ाई नहीं रुकेगी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu