
नयी दिल्ली/भुवनेश्वर/चित्रकूट. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन की ‘सनातन धर्म’ के खिलाफ टिप्पणी को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी गठबंधन का महज नाम बदलने से ‘भारत’ और उसकी समृद्ध संस्कृति के प्रति उसके मन में मौजूद नफरत को छुपाया नहीं जा सकता.
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने ‘एक्स(पूर्व में ट्विटर)’ पर कहा, ”संप्रग से घमंडिया में नाम परिवर्तन इस सच्चाई को नहीं छिपा सकता है कि भ्रष्ट लोगों के इस अपवित्र गठबंधन ने भारत, इसकी समृद्ध संस्कृति और समन्वयात्मक सनातन धर्म से नफरत करना बंद नहीं किया है, जो सदियों से देश को जोड़ता रहा है.” ठाकुर की प्रतिक्रिया तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘सनातन धर्म’ समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है तथा इसका उन्मूलन कर दिया जाना चाहिये .
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने ‘सनातन धर्म’ की तुलना कोरोना वायरस, मलेरिया और डेंगू बुखार से की.
ठाकुर ने कहा, ”यह आश्चर्य की बात नहीं है कि द्रमुक या घमंडिया गठबंधन की कोई अन्य पार्टी हिंदुओं और सनातन धर्म के खिलाफ इस हद तक नफरत रखती है कि इसकी तुलना ‘डेंगू’ और ‘मलेरिया’ से कर रही है और दूसरों को सनातन धर्म को खत्म करने के लिए उकसा रही है.” भाजपा विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को ‘घमंडिया’ कहती है. पार्टी का कहना है कि यह भाई-भतीजावाद की संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए ‘स्वार्थ से भरा’ गठबंधन है.
ठाकुर ने कहा, ”घमंडिया गठबंधन समाज और राष्ट्र को तोड़ने की हद तक धर्मनिरपेक्षता के एक सड़े हुए और अत्यधिक विघटित स्वरूप का प्रतिनिधित्व करता है.” उन्होंने कहा, ”ऐसे उदाहरण घमंडिया गठबंधन शासित राज्यों जैसे बिहार, पश्चिम बंगाल आदि में सुस्पष्ट हैं, जहां शांतिपूर्ण रामनवमी जुलूसों पर राज्य प्रायोजित हमलों में कई निर्दोष लोग मारे गए हैं.”
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के पास न तो नेता है और न ही नीति : नित्यानंद राय
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने रविवार को कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के पास न तो ‘नेता’ है और न ही ‘नीति’. ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर यहां आए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री राय ने कहा कि मुंबई में विपक्षी गठबंधन की हुई बैठक केवल पार्टियों और नेताओं का जमावड़ा था जो ”घमंडी हैं, भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और जो वंशवाद की राजनीति में विश्वास करते हैं.” उन्होंने दावा किया, ”ऐसी पार्टियां और नेता एक मंच पर जमा होने का नाटक कर रहे हैं. दूसरी ओर भारत की जनता 2024 के चुनाव में 2019 के मुकाबले बड़ी जीत दिलाकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए एकजुट है.”
सनातन धर्म विरोधी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को हराओ और भाजपा को जिताओ: नड्डा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने रविवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर ”घृणा” एवं ”नफरत” फैलाने और भारत की संस्कृति एवं परंपरा पर हमला करने का आरोप लगाते हुए लोगों से इसे खारिज करने की अपील की.
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के चित्रकुट शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में नड्डा ने लोगों से देश को मजबूत बनाने और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए भाजपा को राज्य विधानसभा चुनाव के साथ ही अगले लोकसभा चुनाव में भी विजयी बनाने का आग्रह किया.
चित्रकूट से पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना करने से पहले नड्डा से समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ”राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी ताकत से भारत को विकसित बनाने में लगा है, लेकिन दूसरी तरफ दो-तीन दिन पहले मुंबई में बैठक करने वाला ‘इंडिया’ गठबंधन हमारे धर्म, संस्कृति एवं संस्कारों पर गहरा अघात कर रहा है.” उन्होंने कहा, ” ”घमंडिया गठबंधन” का सबसे बड़ा घटक द्रमुक (तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम) के एम के स्टालिन का बेटा उदयनिधि स्टालिन उद्घोष करता है कि वे सनातन धर्म को खत्म कर देंगे.”
नड्डा ने कहा, ”ऐसे घमंडिया गठबंधन को रहने का अधिकार है क्या? क्या सनातन को ऐसे समाप्त होने देंगे? स्टालिन के बेटे ने इसकी तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना वायरस से की.” नड्डा ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर तंज कसते हुए कहा, ”क्या मुंबई में (इनकी) यही रणनीति तैयार हुई है? क्या सनातम धर्म को समाप्त करना ही इनकी रणनीति है? क्या यह ”घमंडिया गठबंधन” की सोची समझी रणनीति है?” उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान में नफरत का समान क्यों बिक रहा है, आपकी दुकान नफरत फैलाने का काम क्यों कर रही है? मैं आज ”घमंडिया गठबंधन” और उनके नेताओं से पूछना चाहता हूं कि उदयनिधि स्टालिन ने जो कहा है, क्या वह उनकी रणनीति का हिस्सा है? क्या आने वाले दिनों में वे (इंडिया गठबंधन) सनातन धर्म को समाप्त करने के मुद्दे को लेकर जनता के बीच चुनाव में जाने वाले हैं?”
‘सनातन धर्म’ के उन्मूलन का आह्वान करने के गंभीर नतीजे सामने आ सकते हैं : विहिप
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन की ‘सनातन धर्म’ के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर उनपर करारा प्रहार करते हुए कहा कि वह ऐसे बयानों से बचे अन्यथा इसके ‘गंभीर नतीजे’ हो सकते हैं. विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने एक बयान जारी कर द्रमुक नीत तमिलनाडु सरकार से स्पष्ट करने को कहा कि क्या वह उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणियों का समर्थन करती है.
उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार उनकी टिप्पणी का समर्थन करती है तो केंद्र से अनुरोध है कि वहां के लोगों के धार्मिक अधिकार की ‘रक्षा’ की जाए. विहिप ने यह प्रतिक्रिया द्रमुक की युवा इकाई के सचिव एवं राज्य के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन के उस बयान पर दी जिसमें उन्होंने कहा था कि सनातन धर्म ‘समानता एवं सामाजिक न्याय’ के खिलाफ है और इसका उन्मूलन किया जाना चाहिए.



