छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने केंद्रीय मंत्री तोमर के बेटे के कथित वीडियो की जांच की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 Nov 2023 06:49 PM
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने केंद्रीय मंत्री तोमर के बेटे के कथित वीडियो की जांच की मांग की
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना की और पूछा कि उस कथित वीडियो की जांच कब शुरू की जाएगी जिसमें केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर के बेटे को वित्तीय लेनदेन पर चर्चा करते सुना जा सकता है.

बघेल ने आज सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ऐसे व्यक्ति का वीडियो साझा किया जिसने खुद को कनाडा का निवासी बताते हुए दावा किया है कि वह वही व्यक्ति है जो पिछले वीडियो में तोमर के बेटे के साथ वित्तीय लेनदेन पर चर्चा कर रहा था. बघेल ने लिखा है, ”10,000 करोड़ का खेल? एक अपुष्ट वीडियो और एक ड्राइवर के बयान को लेकर मुझ पर (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र करते हुए) आपकी एजेंसी ने सैकड़ों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया. अब इसकी भी जांच कीजिए. कौन सी एजेंसी करेगी जांच? कब होंगे छापे? कब होंगे मीडिया पर घंटों लंबे प्रोग्राम?”

बघेल ने लिखा है, ”केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर को करोड़ों रुपयों का लेनदेन करते दिखाने वाले वायरल वीडियो मामले में नया खुलासा हुआ है. वीडियो कॉल पर मंत्री के पुत्र से बात कर रहे शख़्स ने नया वीडियो जारी कर पूरी बातचीत की पुष्टि की है. नरेन्द्र सिंह तोमर के बेटे ने विदेश में गांजे की खेती के लिये 100 एकड़ जमीन भी खरीदी है.” महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस महीने की शुरुआत में दावा किया था कि फोरेंसिक विश्लेषण और ‘कैश कूरियर’ द्वारा दिए गए बयान से “चौंकाने वाले आरोप” लगे हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रमोटरों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और यह जांच का विषय है.

इसके बाद राज्य में भारतीय जनता पार्टी ने एक संवाददाता सम्मेलन में एक कथित वीडियो साझा कर दावा किया कि यह वीडियो महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले के आरोपियों में से एक शुभम सोनी का है. कथित वीडियो में सोनी ने दावा किया था कि उसने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपये दिये हैं.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के अन्य नेताओं ने राज्य में चुनावी रैलियों के दौरान सट्टेबाजी ऐप मामले को लेकर बघेल पर निशाना साधा. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा. इसी दिन पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में भी एक ही चरण में मतदान होगा. छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान सात नवंबर को हुआ था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu