जांजगीर चांपा: बोरवेल में फंसे लड़के को बचाने के प्रयास तीसरे दिन भी जारी

जांजगीर. छत्तीसगढ़ के जांजगीर चंपा जिले में 11 वर्षीय लड़के के गहरे बोरवेल में गिरने के 45 घंटे से अधिक समय बाद रविवार को भी बचावकर्मी उसे बचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि लड़का होश में है और गुजरात के रोबोट विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंच गई है. लड़के को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है, जो बोरवेल में लगभग 60 फुट गहराई में फंसा हुआ है.

अधिकारियों ने कहा कि राहुल साहू शुक्रवार को अपराह्न करीब दो बजे मलखरोदा विकास खंड के पिहरिड गांव में अपने घर के पीछे खेलते समय 80 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया था. उन्होंने कहा कि बचाव दल में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और सेना के अधिकारियों सहित 500 से अधिक कर्मी शामिल हैं. वे बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए अत्याधुनिक मशीनों और वाहनों का उपयोग कर रहे हैं.

ताजा जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम से जारी समानांतर गड्ढा खोदने का काम अंतिम चरण में है. फिर एक सुरंग बनाई जाएगी जो बचाव दल के बोरवेल तक पहुंचने और बच्चे को निकालने में मदद करेगी. अधिकारियों ने बताया कि गुजरात से रोबोट विशेषज्ञों की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और रोबोट की मदद से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है.

सरकारी बयान में कहा गया, ‘‘स्वास्थ्य अधिकारी कैमरों के माध्यम से लगातार राहुल की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. वह सचेत है और हिल-डुल रहा है. रविवार तड़के उसे शीतल पेय और केला दिया गया और आज सुबह रस पिलाया गया. बोरवेल में आॅक्सीजन की आपूर्ति के लिए एक पाइप लगाया गया है.’’ जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा, ”हमें उम्मीद है कि हम लड़के को बचा लेंगे.”

अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ, सेना की चार सदस्यीय टीम, 150 से अधिक पुलिसर्किमयों और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के 15 र्किमयों सहित 500 से अधिक कर्मी शुक्रवार शाम चार बजे से शुरू हुए बचाव अभियान में जुटे हैं. सरकारी बयान के अनुसार, जिस बोरवेल में लड़का फंसा हुआ है उसके अंदर कुछ पानी है और एनडीआरएफ के जवान रस्सी से बंधे बर्तन की मदद से पानी को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं. लड़का भी पानी निकालने की कवायद में मदद कर रहा है.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अधिकारियों के संपर्क में हैं और बचाव अभियान को लेकर लगातार जानकारी ले रहे हैं. बघेल ने राहुल के परिवार के सदस्यों से फोन पर बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि उसे बचाने के लिए हरसंभव कदम उठाया जाएगा. जिलाधिकारी जितेंद्र शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल शुक्रवार शाम से ही घटनास्थल पर हैं. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देश दिया है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सभी बोरवेल ढके जाएं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button