चीन के नागरिक ने अडाणी समूह की गतिविधियों में संदिग्ध भूमिका निभाई: जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Mar 2023 08:25 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि अडाणी समूह की कारोबारी गतिविधियों में चीन के एक नागरिक ने संदिग्ध भूमिका निभाई है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह सवाल भी किया कि क्या सरकार को कोई ंिचता नहीं कि अडाणी परिवार महत्वपूर्ण रक्षा अनुबंधों में एक चीनी नागरिक को शामिल कर सकता है? रमेश ने अपने सवालों की श्रृंखला ‘हम अडाणी के हैं कौन’ की उप श्रृंखला ‘‘दिख रहा है विनोद’’ के तहत पिछले कई दिनों की तरह आज भी प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी से कुछ प्रश्न किए.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘चीनी नागरिक चांग चुंग-लिंग ने अडाणी समूह की गतिविधियों में संदिग्ध भूमिका निभाई. इस व्यक्ति के गौतम अडाणी के बड़े भाई विनोद के साथ उनके घनिष्ठ संबंध हैं.’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या आपने अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में अडाणी के निकट सहयोगी को क्लीन चिट दिलवाना सुनिश्चित किया? क्या इसीलिए इतने सालों से, यह जांच अधर में लटकी हुई है? क्या आपको इस बात की कोई चिंता नहीं कि अडाणी परिवार महत्वपूर्ण रक्षा अनुबंधों में एक चीनी नागरिक को शामिल कर सकता है?’’

उनका कहना है, ‘‘भ्रष्टाचार के आरोप सामने आने के तुरंत बाद संप्रग सरकार ने अगस्ता वेस्टलैंड की मूल कंपनी फिनमेकेनिका, जो बाद में लियोनार्डो हो गई, के खिलाफ सक्रिय रूप से कार्रवाई आरंभ की…26 अगस्त 2014 को लियोनार्डो कंपनी को भविष्य में भारतीय सैन्य निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया. फिर भी 14 नवंबर 2021 को सरकार ने अचानक अपना प्रतिबंध हटा दिया.’’

रमेश ने सवाल किया, ‘‘मामला लंबित होने के बावजूद आपने रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार की आरोपी कंपनी से प्रतिबंध क्यों हटा दिया है? क्या आप एक बार फिर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके अडाणी समूह की रक्षा क्षेत्र में गतिविधियों को आसान बनाने का प्रयास कर रहे हैं? कांग्रेस अमेरिकी वित्तीय शोध संस्था ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी समूह और प्रधानमंत्री पर लगातार हमले कर रही है.

उल्लेखनीय है कि वित्तीय शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी समूह के खिलाफ फर्जी तरीके से लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर सहित कई आरोप लगाए थे. अडाणी समूह ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा था कि उसने सभी कानूनों और प्रावधानों का पालन किया है.

मेघालय में भाजपा ने संगमा से हाथ मिलाया, उसकी ‘वाशिंग मशीन’ तेजी से चल रही है: जयराम रमेश

कांग्रेस ने मेघालय विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी द्वारा कोनराड संगमा का समर्थन किए जाने को लेकर सोमवार को कटाक्ष किया कि ‘भाजपा की वाशिंग मशीन’ तेज गति से चली रही है.

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने चुनाव से पहले संगमा के नेतृत्व वाली सरकार पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से बोले गए तीखे हमलों से जुड़े वीडियो साझा करते हुए यह आरोप भी लगाया कि नतीजे आने के बाद अब भाजपा को स्मृतिलोप हो गया है.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के अनुसार मेघालय में कोनराड संगमा की सरकार देश में सबसे भ्रष्ट सरकार हुआ करती थी. अब मुझे लगता है कि भाजपा को स्मृतिलोप हो गया है और वह उनके साथ हाथ मिला रही है. मेघालय इससे बेहतर का हकदार है.’’ रमेश ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘भाजपा की वांिशग मशीन तेजी से चल रही है.’’

मेघालय प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विंसेट पाला ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने जो कहा, चुनाव बाद उसके उलट किया. भाजपा ने कहा कि एनपीपी सबसे भ्रष्ट पार्टी है और अब उसी पार्टी के साथ मिलकर सरकार बना रही है.’’ पाला ने दावा किया, ‘‘भाजपा भारत की जनता को इसी तरह से बेवकूफ बनाती है, जैसे उसने मेघालय की जनता को बेवकूफ बनाया है. भाजपा ने हमारे प्रदेश के साथ विश्वासघात किया है.’’ कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा चुनाव प्रचार के दौरान भ्रष्टाचार के बारे में बात करती है और बाद में ‘‘भ्रष्टाचारियों’ के साथ मिलकर सरकार बनाती है, यही उसका असली चाल, चरित्र और चेहरा है’’.

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने मेघालय में संगमा की अगुवाई में बनने वाली सरकार का समर्थन करने का फैसला किया था. वह विधानसभा चुनाव अकेले लड़ी थी. मेघालय में 27 फरवरी को विधानसभा की 59 सीट पर मतदान हुआ था. गत बृहस्पतिवार को चुनाव परिणाम आए, जिनमें संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) 26 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. एनपीपी के अलावा यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) ने 11 सीट पर जीत हासिल की है, जबकि 2018 के चुनाव में वह केवल छह सीट जीत सकी थी. कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने पांच-पांच, जबकि भाजपा ने दो सीट पर जीत हासिल की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu