मुख्यमंत्री केजरीवाल रैली का आयोजन कर अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रहे: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Jun 2023 08:39 PM
मुख्यमंत्री केजरीवाल रैली का आयोजन कर अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रहे: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे रामलीला मैदान में रैली आयोजित करके अपनी सरकार के भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं. भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी और सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी अब एक ‘खास आदमी पार्टी’ बन गई है.

तिवारी ने कहा, ”मुझे याद है कि ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन के दौरान रामलीला मैदान में अन्ना हजारे के साथ केजरीवाल ने मंच साझा करते हुए खुद के भ्रष्टाचार के खिलाफ होने का दावा किया था. लेकिन उन्हें फिर से रामलीला मैदान में चाीखते हुए सुना गया, लेकिन इस बार यह भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए था.” पूर्वोत्तर दिल्ली के सांसद ने केजरीवाल पर ‘राजनीतिक पर्यटक’ होने का भी आरोप लगाया जो देश के विभिन्न शहरों का दौरा करते हैं, जबकि दिल्ली में गंदे पानी की आपूर्ति और यमुना नदी में प्रदूषण जैसी समस्याओं पर आंखें मूंद लेते हैं.

सचदेवा ने कहा कि आप अब आम आदमी के लिए काम नहीं कर रही है और अब इसका एकमात्र उद्देश्य दिल्ली के लोगों को ‘लूटना’ है.
भाजपा ने रामलीला मैदान के बाहर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पोस्टर और होर्डिंग लगाए थे, जहां केंद्र द्वारा हालिया अध्यादेश के खिलाफ आप की रैली आयोजित की गई थी.

रैली में केजरीवाल ने कहा कि केंद्र की ओर से जारी अध्यादेश दिल्ली के लोगों का अपमान है. भाजपा के पोस्टर और होर्डिंग में 52 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के नवीनीकरण को लेकर आप और केजरीवाल को घेरने की कोशिश की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu