गैस बहुत महंगी होने के कारण कोयले की फिर होने वाली है वापसी: सीतारमण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Oct 2022 06:36 PM
गैस बहुत महंगी होने के कारण कोयले की फिर होने वाली है वापसी: सीतारमण
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच गैस बहुत महंगी होने के कारण कोयला एक बार फिर वापसी करने जा रहा है. सीतारमण ने कहा कि पश्चिमी दुनिया के देश फिर से कोयले की ओर बढ़ रहे हैं. वह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की वार्षिक बैठकों में भाग लेने के लिए अमेरिकी आई हुई हैं.

उन्होंने यहां शनिवार को भारतीय पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा, ”पश्चिमी दुनिया के देश कोयले की ओर बढ़ रहे हैं. आॅस्ट्रिया पहले ही यह कह चुका है, और आज वे कोयले की ओर लौट रहे हैं.” यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद पश्चिमी देशों ने कई प्रतिबंध लगाए हैं, जिसके चलते यूरोप को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति में तेजी से कटौती हुई है. ऐसी स्थिति में उनके लिए वैकल्पिक ऊर्जा संसाधनों की तलाश जरूरी हो गई है.

वित्त मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि ब्रिटेन में भी एक पुराने ताप-बिजली संयंत्र को उत्पादन के लिए फिर से तैयार किया जा रहा है. सीतारमण ने कहा, ”वास्तव में वह खुद को एक ताप इकाई के लिए फिर से तैयार कर रहा है. इस तरह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि कई देश (कोयले की तरफ) वापसी कर रहे हैं. कोयला अब वापस आने वाला है, क्योंकि मुझे लगता है कि गैस का खर्च अब उठाया नहीं जा सकता है. या गैस उतनी उपलब्ध नहीं है, जितनी जरूरत है.” उन्होंने कहा कि यूरोप ने सही निर्णय लिया है और यदि उन्हें जरूरत के मुताबिक गैस नहीं मिल रही है, तो अन्य स्रोतों की तलाश करनी ही होगी.

‘स्पैमिंग’ के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है भारत

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत सरकार स्पैमिंग और गोपनीय डेटा में सेंध लगाने जैसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जिसमें बैंकिंग क्षेत्र पर खासतौर पर ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में भारतीय पत्रकारों के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने पुराने डेटा संरक्षण विधेयक को वापस ले लिया है और नया विधेयक जल्द ही आने की संभावना है.

वित्त मंत्री ने कहा कि इस दौरान स्पैमिंग तथा अनचाही कॉल और संदेशों पर कार्रवाई की जा रही है. सरकार इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए गंभीरता से काम कर रही है. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ”निश्चित रूप से वे (स्पैम) आते रहते हैं. वे कुकुरमुत्तों की तरह सामने आते रहते हैं, लेकिन सरकार इस मामले को बहुत अच्छी तरह से समझती है और प्रयास जारी हैं.”

उन्होंने कहा, ”विशेष रूप से बैंकिंग क्षेत्र में उच्च स्तर की निगरानी की जा रही है. इसकी मैं बारीकी से निगरानी करती हूं. यहां तक कि अकाउंट एग्रीगेटर में भी, जहां हमें कुछ आउटसोर्स तत्वों द्वारा किसी तरह के दुरुपयोग के बारे में पता चला, हमने इसे बंद कर दिया है.” सीतारमण ने कहा डेटा ऐप का दुरुपयोग कर उधार देने वाले कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. उन्होंने लगातार सतर्कता बरतने पर जोर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu