‘इंटरस्टेलर’ से भी कम बजट में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए भारत को बधाई: IMF प्रमुख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Sep 2023 10:07 PM
‘इंटरस्टेलर’ से भी कम बजट में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए भारत को बधाई: IMF प्रमुख
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए विश्व के कई नेताओं ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी, जबकि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक क्रिस्टलीना जॉर्जीवा ने ‘फिल्म इंटरस्टेलर से भी कम बजट’ में यह उपलब्धि हासिल करने के लिए भारत की सराहना की.

जी20 के विभिन्न सत्रों और बैठकों के दौरान विश्व के कई नेताओं ने चंद्र मिशन के लिए भारत की प्रशंसा की और सूर्य का अध्ययन करने के लिए भारत के पहले सौर मिशन ‘आदित्य एल1’ के सफल प्रक्षेपण की भी सराहना की. सूत्रों ने बताया कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने चंद्रयान-3 के लिए भारत और पूरी दुनिया को बधाई दी. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने इस उपलब्धि के लिए देश की सराहना की और बताया कि उन्होंने ब्रिक्स बैठक के दौरान ब्रेक लेते हुए चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने का प्रसारण देखा था.

जॉर्जीवा का हवाला देते हुए जी20 में मौजूद एक सूत्र ने कहा, ”मैं आपको चंद्रमा पर उतरने के लिए बधाई देता हूं. लेकिन एक अर्थशास्त्री के रूप में मैं आपको फिल्म ‘इंटरस्टेलर’ से कम बजट में इसे करने के लिए बधाई देता हूं. बहुत शानदार.” भारत ने 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के ‘विक्रम’ लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग के बाद इतिहास रच दिया था. भारत चंद्रमा की सतह पर पहुंचने वाला चौथा देश और इसके दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है.

करीब 600 करोड़ रुपये की लागत वाले चंद्रयान-3 मिशन को 14 जुलाई को प्रक्षेपण यान मार्क-3 (एलवीएम-3) रॉकेट से प्रक्षेपित किया गया था. क्रिस्टोफर नोलन द्वारा सह-लिखित और निर्देशित 2014 की फिल्म ‘इंटरस्टेलर’ लगभग 1,400 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई थी.

जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने कहा, ”चंद्रमा मिशन और आदित्य एल1 मिशन पर भी बधाई.” मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने भी चंद्रयान-3 और आदित्य एल1 मिशनों की सफलता पर भारत को बधाई देते हुए कहा कि यह भारत के तकनीकी कौशल को प्रर्दिशत करता है और ‘भविष्य की यात्रा’ के लिए एक प्रेरणा है.

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूट और कोमोरोस संघ के अध्यक्ष एवं अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष अजाली असौमानी ने भी जी20 सत्रों के दौरान चंद्रयान-3 की सफलता के लिए भारत की सराहना की. शनिवार को अपनाए गए जी20 नयी दिल्ली घोषणापत्र में समूह ने कहा, ”हम 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने पर भारत को बधाई देते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu