पश्चिम बंगाल उपचुनाव में मिली कांग्रेस प्रत्याशी को जीत, विधानसभा में खुला पार्टी का खाता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Mar 2023 06:43 PM
पश्चिम बंगाल उपचुनाव में मिली कांग्रेस प्रत्याशी को जीत, विधानसभा में खुला पार्टी का खाता
ऑडियो सुनें

सागरदिघी. पश्चिम बंगाल की सागरदिघी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार बायरन विश्वास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रत्याशी को 22,980 मतों से हरा दिया. इसके साथ ही वह मौजूदा विधानसभा के लिए निर्वाचित होने वाले कांग्रेस के पहले विधायक बन गए हैं.

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार मतगणना के 16 दौर पूरे होने के बाद वाम सर्मिथत विश्वास को 87,667 वोट मिले. जबकि टीएमसी के उम्मीदवार देवाशीष बनर्जी को 64,681 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी दिलीप साहा को 25,815 वोट मिले.
पिछले साल दिसंबर में राज्य के मंत्री सुब्रत साहा के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराए गए.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के गृह क्षेत्र मुर्शिदाबाद के तहत आने के कारण इस सीट पर उपचुनाव को उनके लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा था. पश्चिम बंगाल में साल 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और वाम मोर्चा का खाता भी नहीं खुल पाया था. स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद पहली बार ऐसा हुआ था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu