कांग्रेस ‘बच्चों की दुश्मन’, युवाओं का भविष्य को तबाह करना चाहती है: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 May 2023 07:58 PM
कांग्रेस ‘बच्चों की दुश्मन’, युवाओं का भविष्य को तबाह करना चाहती है: मोदी
ऑडियो सुनें

तुमकुरु. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनावी घोषणापत्र में सत्ता में आने पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति को खारिज करने के वादे को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और उसे ‘बच्चों की दुश्मन’ करार देते हुए आरोप लगाया कि वह युवाओं का भविष्य को तबाह करना चाहती है.

आगामी 10 मई को राज्य विधानसभा चुनाव के तहत होने वाले मतदान से पहले एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस जब सत्ता में थी तो बगैर कमीशन के एक भी रक्षा सौदा नहीं होता था जबकि आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार देश में ही रक्षा उत्पादन पर जोर दे रही है और सेना को सशक्त कर रही है.

मोदी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने 21वीं सदी की जरूरतों को पूरा करने वाली आधुनिक राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की और इसे तैयार करने वाली टीम का नेतृत्व देश के महान वैज्ञानिकों में से एक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष के कस्तूरीरंगन ने किया जिनकी कर्मभूमि कर्नाटक रही है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का सबसे बड़ा फायदा देश के प्रादेशिक भाषाओं में पढ़ाई का है ताकि गांव का बच्चा अपनी मातृभाषा में जहां तक पढ़ाई करना चाहे, वह कर सके.

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब कांग्रेस ने लिखित घोषणा की है कि वह सत्ता में आई तो यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति को रोक देगी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस गांव के बच्चों की दुश्मन बन गई है. ऐसे कांग्रेस को सजा देने का यह चुनाव है. कांग्रेस आधुनिक राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर रोक लगाकर कर्नाटक के युवाओं के भविष्य को ताला लगाना लगाना चाहती है, उन्हें तबाह करना चाहती है.’’ अपने भाषण की शुरुआत और उसका समापन ‘जय बजरंग बली’ के नारे से करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस को तो अब ‘जय बजरंग बली’ बोलने पर भी आपत्ति होने लगी है.

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस तुष्टिकरण की गुलाम हो चुकी है. कांग्रेस अपनी वोट बैंक की राजनीति की गुलाम हो चुकी है. ऐसी कांग्रेस कर्नाटक का कभी भी भला नहीं कर सकती है.’’ रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार के पुराने मामलों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए यह क्षेत्र ऐसा ‘क्लब’ रहा है, जहां ‘मामा, चाचा, संगे संबंधी सब मिलकर देश को लूट सकते हैं’. उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की 85 प्रतिशत वाली कमीशन सरकार ही थी जिसने हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को बर्बाद कर दिया था.

लड़ाकू विमान राफेल से जुड़े विवाद की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा कि चार-पांच साल पहले कांग्रेस के नेताओं ने एचएएल को क्या-क्या झूठ नहीं फैलाया था और इसके कर्मचारियों को भड़काने का प्रयास किया गया था. उन्होंने कहा, ‘‘वह भी उस समय जब सीमा पर हमारी सेना तैनात थी. इस चुनाव में कांग्रेस के नेताओं के मुंह से एचएएल का नाम नहीं निकला है क्योंकि एचएएल को सबसे ज्यादा हाल के वर्षों में हुआ है.’’

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ‘‘पहले फायदा नहीं होता था तो माल चोरी कहां होता था? मोदी आते ही फायदा होने लगा तो कारण साफ हैं.’’ मोदी ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में जनता दल सेक्युलर का हर उम्मीदवार कांग्रेस का ही उम्मीदवार है और जद (एस) को दिया गया हर वोट कर्नाटक में निवेश को रोकेगा.

उन्होंने दावा किया पिछले नौ वर्षों में गांव और गरीब के लिए, किसान और नौजवान के लिए जितना काम हुआ है, उतना पिछले सात दशकों में नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस-जद (एस) का ट्रैक रिकॉर्ड है कि उनके शासन में सबसे ज्यादा लूट गांव के हक के पैसे की होती है. लेकिन जब भाजपा सरकार में होती है तो गांव और गरीब तेज गति से आगे बढ़ता है.’’ रैली स्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने एक रोड शो भी किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu