कांग्रेस ने ‘लूट ईस्ट’ नीति अपनाई थी, भाजपा ने उसे ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में बदला: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Apr 2024 07:25 PM
कांग्रेस ने ‘लूट ईस्ट’ नीति अपनाई थी, भाजपा ने उसे ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में बदला: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

अगरतला/नलबाड़ी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी ने ‘लूट ईस्ट’ नीति अपना रखी थी लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उसे ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में बदल दिया. प्रधानमंत्री ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिपुरा ने भाजपा सरकार के शासन में अभूतपूर्व बदलाव देखे हैं.

मोदी ने कहा, ”कांग्रेस ने ‘लूट ईस्ट’ की नीति अपना रखी थी, वहीं भाजपा ने इसे ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में बदल दिया है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर पूर्व के साथ न्याय नहीं किया और क्षेत्र को ‘भ्रष्टाचार का अड्डा’ बना दिया, वहीं कम्युनिस्टों ने राज्य की संभावनाओं को कम कर दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार क्षेत्र में विकास के लिए कड़ी मेहनत कर रही है.

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने भारत में गरीबों के लिए तीन करोड़ नए आवास बनाने का फैसला किया है. उन्होंने कहा, ”त्रिपुरा के लोगों को इससे बहुत फायदा मिलने जा रहा है.” उन्होंने कहा कि भगवान राम का जन्मोत्सव अयोध्या में उनके ही मंदिर में 500 साल के बाद मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री ने कहा, ”500 साल के लंबे इंतजार के बाद रामलला अंतत: तंबू की जगह एक भव्य मंदिर में विराजित हैं.”

प्रधानमंत्री को उम्मीद : भगवान राम का सूर्य तिलक देश को नयी ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करेगा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को उम्मीद जताई कि अयोध्या के मंदिर में भगवान राम का सूर्य तिलक लोगों के जीवन में ऊर्जा लाएगा और देश को नयी ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित करेगा. प्रधानमंत्री मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 500 वर्ष बाद अयोध्या के मंदिर में सूर्य तिलक समारोह के साथ भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है.

उन्होंने रैली में कहा, ह्लपूरे देश में एक नया माहौल है. हम 500 वर्ष बाद भगवान राम का जन्मोत्सव उनके ही मंदिर में मना रहे हैं और यह सदियों की भक्ति व पीढि.यों के बलिदान की वजह से हो पाया.” रामनवमी के अवसर पर बुधवार को अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक दर्पण और लेंस से युक्त एक विस्तृत तंत्र के माध्यम से किया गया. इस तंत्र के जरिए सूर्य की किरणें भगवान राम की मूर्ति पर पहुंचीं.

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”नलबाड़ी की सभा के बाद मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के अद्भुत और अप्रतिम क्षण को देखने का सौभाग्य मिला. करोड़ों भारतीयों की तरह, यह मेरे लिए भावुक क्षण है.” उन्होंने पोस्ट में अपनी दो तस्वीरें भी साझा कीं जिनमें वह एक टैबलेट पर समारोह को देख रहे हैं.

उन्होंने कहा, ” श्रीराम जन्मभूमि का यह बहुप्रतीक्षित क्षण हर किसी के लिए परमानंद का क्षण है. यह सूर्य तिलक, विकसित भारत के हर संकल्प को अपनी दिव्य ऊर्जा से इसी तरह प्रकाशित करेगा.” प्रधानमंत्री मोदी ने रामनवमी के अवसर पर लोगों से कई बार ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने का आग्रह किया और उम्मीद जताई कि दुनिया भर के भारतीय इस समारोह को देखेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu