भोजपुरी अभिनेत्री अमृता पांडेय भागलपुर में अपने घर पर मृत पाई गईं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 07:25 PM
भोजपुरी अभिनेत्री अमृता पांडेय भागलपुर में अपने घर पर मृत पाई गईं
ऑडियो सुनें

भागलपुर. मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री अन्नपूर्णा उर्फ अमृता पांडेय बिहार के भागलपुर जिले में अपने आवास पर रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गईं. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है लेकिन ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि 27 वर्षीय अभिनेत्री अमृता पांडेय ने आत्महत्या कर ली होगी क्योंकि अपनी मृत्यु से कुछ घंटे पहले उन्होंने कथित तौर पर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक संदेश पोस्ट किया था.

मीडिया में आयी खबरों के मुताबिक अमृता पांडेय ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा था, ”दो नाव में सवार थी उसकी जिंदगी, हमने अपनी नाव डूबा के उसका सफर आसान कर दिया.” मुंबई में रहने वाली अमृता पांडेय एक पारिवारिक समारोह में भाग लेने के लिए भागलपुर गई थीं. अभिनेत्री ने कथित तौर पर जोगसर थानाक्षेत्र में आदमपुर जहाज घाट स्थित दिव्यधर्मा अपार्टमेंट में अपनी जान दे दी.

नाम न छापने की शर्त पर एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने मीडियार्किमयों को बताया कि उनके परिवार के सदस्यों के अनुसार अमृता पांडेय की बहन 27 अप्रैल को दोपहर साढ़े तीन बजे उनके कमरे में गई थी जिसने उन्हें फांसी पर लटका पाया. अधिकारी के मुताबिक परिवार के लोग उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. उनका पार्थिव शरीर उनके फ्लैट पर वापस लाया गया. अमृता पांडेय के पति चंद्रमणि झांगड़ एक एनीमेशन इंजीनियर हैं.

मंगलवार को पीटीआई-भाषा से बात करते हुए भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने कहा, ”पुलिस पहले ही अमृता की मौत की जांच के आदेश दे चुकी है. हमने मौके से सभी उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की देखरेख में मामले की जांच बेहद वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है. हम पीड़िता के परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर रहे हैं. मौत का सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा.” अमृता पांडेय ने कई भोजपुरी फिल्मों में काम किया था. उन्होंने भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के साथ फिल्म दीवानापन में काम किया था. उन्होंने कई हिंदी फिल्मों और शो में भी काम किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu